ETV Bharat / bharat

राम रहीम वापस पहुंचा जेल, 50 दिन की मिली थी पैरोल, हाईकोर्ट ने दिखाई थी सख्ती

author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : Mar 10, 2024, 7:12 PM IST

Updated : Mar 10, 2024, 7:51 PM IST

Ram Rahim Returned to Rohtak Sunaria Jail after Parole Ends Highcourt strictness Government Haryana Hindi News
राम रहीम वापस पहुंचा जेल, 50 दिन की मिली थी पैरोल

Ram Rahim Returned to Rohtak Sunaria Jail : साध्वी यौन शोषण मामले और जर्नलिस्ट छत्रपति हत्या मामले में राम रहीम अब दोबारा सलाखों के पीछे रोहतक की सुनारिया जेल में लौट आया है. 19 जनवरी को राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दी गई थी. इस बीच राम रहीम को लगातार मिल रही पैरोल को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए मामले में हरियाणा सरकार से सवाल पूछे थे. साथ ही कहा था कि आगे से कोर्ट की इजाजत के बगैर राम रहीम को पैरोल ना दी जाए.

राम रहीम वापस पहुंचा जेल, 50 दिन की मिली थी पैरोल

रोहतक : साध्वी यौन शोषण मामले और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में जेल की सज़ा काट रहे सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की 50 दिन की पैरोल आखिरकार खत्म हो गई और अब वो वापस हरियाणा के रोहतक के सुनारिया जेल पहुंच गया है.

जेल लौटा राम रहीम : 19 जनवरी को सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दी गई थी जो अब खत्म हो गई है. इसके बाद राम रहीम रविवार शाम 5 बजकर 3 मिनट पर वापस सुनारिया जेल पहुंचा. जेल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे. आपको बता दें कि सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने पैरोल मिलने के बाद उत्तरप्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम में अपना पैरोल का वक्त बिताया है.

हाईकोर्ट ने लगाई फटकार : इससे पहले जब भी राम रहीम को पैरोल या फरलो मिलती थी तो सरकार और जेल प्रशासन पर सवाल उठते थे. राम रहीम को लगातार मिल रही पैरोल को देखते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने ख़ासी सख्ती दिखाई थी और उसे पैरोल देने पर सवाल पूछे थे. साथ ही हाईकोर्ट ने कहा था कि आगे से राम रहीम को पैरोल देने से पहले कोर्ट से इसकी इजाजत ली जाए. साथ ही कोर्ट ने सरकार से हलफनामा मांगा और अब पूरे मामले की सुनवाई 11 मार्च को होगी.

राम रहीम को कब-कब मिली पैरोल ?

  • 24 अक्टूबर 2020 : राम रहीम को गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती बीमार मां से मिलने के लिए 1 दिन की पैरोल दी गई.
  • 21 मई 2021 : राम रहीम को फिर से बीमार मां से मिलने के लिए 12 घंटे की पैरोल दी गई.
  • 7 फरवरी 2022 : गुरमीत राम रहीम को परिवार से मिलने के लिए 21 दिन की फरलो मिली.
  • जून 2022 : राम रहीम को 30 दिनों के लिए पैरोल दे दी गई. इस दौरान वो बागपत के आश्रम में रहा.
  • 14 अक्टूबर 2022 : 40 दिनों के लिए पैरोल दी गई. बागपत के आश्रम से 3 म्यूज़िक वीडियो भी जारी किए.
  • 21 जनवरी 2023 : शाह सतनाम सिंह की जयंती में शामिल होने के लिए राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली.
  • 20 जुलाई 2023 : राम रहीम को 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आने की इजाजत मिली.
  • 20 नवंबर 2023 : 21 दिनों के लिए जेल से बाहर आया राम रहीम
  • 19 जनवरी 2024 : 50 दिनों के लिए राम रहीम को मिली पैरोल

ये भी पढ़ें : राम रहीम को अब पैरोल देने के लिए हाईकोर्ट से लेनी होगी अनुमति, HC ने हरियाणा सरकार को दिया ये सख्त आदेश

Last Updated :Mar 10, 2024, 7:51 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.