ETV Bharat / state

बिहार STF के रडार पर RJD विधायक रीतलाल के भाई, करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले माफियाओं पर पैनी नजर

बिहार एसटीएफ अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए कठोर कदम उठा रही है. ऐसे में विधायक रीतलाल के भाई भी रडार पर हैं.

RJD MLA ritlala yadav
अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 22, 2025 at 5:15 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार में संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए विशेष कार्य बल (STF) अब पूरी तरह नए स्वरूप में सामने आ चुकी है. साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई हो रही है. इसी कड़ी में आरजेडी विधायक रीतलाल यादव के भाई पिंकू यादव की संपत्ति को भी जब्त करने की तैयारी हो रही है.

अपराधियों को लाया जा रहा बिहार: बता दें कि STF न केवल राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि देश के दूसरे राज्यों में छिपे कुख्यात अपराधियों को भी पकड़कर बिहार ला रही है. इस बात की जानकारी STF के एडीजी कुंदन कृष्णन ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी है.

भ्रष्टाचार और अपराध पर शिकंजा: उन्होंने बताया कि STF केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन अपराधियों पर भी शिकंजा कस रही है जिन्होंने अपराध जगत के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित की है. ऐसे मामलों में STF, आर्थिक अपराध इकाई (EOU) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है. BNSS की धारा 107 के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्त की जा रही है. वहीं, आतंकी फंडिंग पर रोक लगाने के लिए UAPA अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.

रीतलाल के भाई की बढ़ी मुश्किल: कुंदन कृष्णन ने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में दानापुर के विधायक रीतलाल के भाई की संपत्ति को जब्त करने की दिशा में भी STF और EOU ने कार्रवाई शुरू की है. उन्होंने कहा कि अपराध की दुनिया में रहकर करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले माफिया और उनके सहयोगी अब पुलिस की रडार पर हैं.

बिहार STF की बड़ी कार्रवाई: उन्होंने साफ कहा कि बिहार STF अब महज़ एक इकाई नहीं रह गई है, बल्कि यह संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है. कुंदन कृष्णन ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 2025 के 20 अगस्त तक STF की कार्रवाई और अधिक प्रभावी रही है. अपनी बात को पुख्ता करने के लिए उन्होंने आंकड़े भी सार्वजनिक किए.

"अब तक की कार्रवाई में STF ने दो एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक थ्री नॉट थ्री राइफल, एक तीन पंद्रह बोर की राइफल, तीन एसएलआर, एक कार्बाइन और कई अर्धनिर्मित रिवॉल्वर, पिस्टल और कट्टा बरामद किए हैं. इसके अलावा 12,176 जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं, जो इस बात का प्रमाण है कि STF अपराधियों की कमर तोड़ने में जुटी हुई है."- कुंदन कृष्णन,अपर पुलिस महानिदेशक

दूसरे राज्यों से 64 दुर्दांत अपराधी गिरफ्तार : इसी क्रम में STF ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से फरार होकर दूसरे राज्यों में रह रहे 64 दुर्दांत अपराधियों को भी धर-दबोचा है. इन अपराधियों की गिरफ्तारी संबंधित राज्यों की पुलिस के सहयोग से की गई. एडीजी ने कहा कि इन अपराधियों को पकड़ना STF के लिए बड़ी चुनौती थी क्योंकि ये लोग दूसरे राज्यों में छिपकर रहते थे. फिर भी हमारी टीम ने सटीक खुफिया इनपुट और स्थानीय पुलिस की मदद से इनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की.

'नए स्वरूप में काम कर रहा STF': बिहार STF की इस कार्यशैली को लेकर आम जनता में भी सकारात्मक संदेश गया है. लोगों को उम्मीद है कि लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से अपराध पर लगाम लगेगी और कानून-व्यवस्था की स्थिति और मजबूत होगी. एडीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि आने वाले दिनों में STF और बड़ी कार्रवाई करेगी. राज्य में संगठित अपराधियों, माफियाओं और आतंकी फंडिंग से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने का अभियान जारी रहेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि STF अपने नए स्वरूप में अपराध जगत की कमर तोड़कर रहेगी.

'चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपी को लाया जाएगा बिहार': मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पटना के चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपी शेरू के बारे में सवाल पूछा गया तो एडीजी ने विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि शेरू पहले पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद था, लेकिन अब उसे कोलकाता की प्रेसिडेंट जेल में शिफ्ट कर दिया गया है.

पटना पुलिस लगातार उसकी रिमांड लेने की कोशिश कर रही है. जैसे ही बंगाल की अदालत से अनुमति मिलेगी, पटना पुलिस शेरू को रिमांड पर लाकर उससे पूछताछ करेगी. एडीजी ने यह भी कहा कि यह केस पटना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में है और STF इसमें सहयोग कर रही है.

बिहार में पिछले कुछ वर्षों से संगठित अपराध ने अपनी जड़ें मजबूत की थीं, लेकिन STF की तैनाती और उसके आक्रामक रुख के बाद अपराधियों में खौफ का माहौल है. हथियारों की भारी बरामदगी और दर्जनों कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी STF की सक्रियता को दर्शाती है.

ये भी पढ़ें

'मेरी हत्या के लिए AK-47 दिया..' RJD विधायक रीतलाल यादव का बड़ा आरोप, बोले- 'जान पर है आफत'

RJD विधायक रीतलाल यादव ने दानापुर कोर्ट में किया सरेंडर, भेजे गए बेऊर जेल

क्या रीतलाल यादव का एनकाउंटर करने पहुंची थी पुलिस?, विधायक की पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

लालू के करीबी रीतलाल यादव के घर STF की रेड, 6 पेन ड्राइव और 77 लाख के ब्लैंक चेक मिले

RJD विधायक रीतलाल यादव पर शिकंजा, सैकड़ों STF और पुलिस जवान ने बोला धावा