ETV Bharat / state

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ समिति का किया सत्यापन, संगठन मजबूती के दिए टिप्स

author img

By

Published : Aug 27, 2021, 9:13 AM IST

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर विधानसभा के फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड की बूथ संख्या-282 पर पहुंच कर स्वयं बूथ समिति का सत्यापन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी का पावर हाउस है. तेज तर्रार एवं समर्पित बूथ समिति की बदौलत भाजपा केंद्र और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सत्ता में है. उन्होंने कहा कि सक्षम बूथ-सक्रिय बूथ ही चुनाव जीतने का मूल मंत्र है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को उत्तर विधानसभा के फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड की बूथ संख्या-282 पर पहुंच कर स्वयं बूथ समिति का सत्यापन किया. बूथ अध्यक्ष राम आसरे वर्मा सहित सभी 21 सदस्य समिति सदस्यों से परिचय प्राप्त किया. बूथ समितियों में सभी जातियों एवं वर्गों के समावेश पर हर्ष व्यक्त किया. मतदाता सूची के अनुसार पन्ना प्रमुख भी नामित किये गये हैं. बूथ समिति को प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन मजबूती के टिप्स भी दिए.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक पन्ना प्रमुख के जिम्मे 60 मतदाता रहेंगे, जिनसे सम्पर्क, संवाद एवं समन्वय स्थापित करके चुनाव में उनके वोट डलवाने की जिम्मेदारी पन्ना प्रमुख की ही होगी. पन्ना प्रमुखों की चुनाव जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी. लक्ष्य 2022 में जनप्रतिनिधि से लेकर कार्यकर्ता तक सभी को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दी जाएगी. वोटर लिस्ट में जिस पन्ने पर पार्टी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि का नाम होगा, उसको अपने पन्ने के पन्ना प्रमुख के रूप में दायित्व का निर्वहन करना होगा. बूथ समिति सत्यापन के दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा भी उपस्थित रहे.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी का पावर हाउस है. तेज तर्रार एवं समर्पित बूथ समिति की बदौलत भाजपा केंद्र और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सत्ता में है. उन्होंने कहा कि सक्षम बूथ-सक्रिय बूथ ही चुनाव जीतने का मूल मंत्र है. बूथ पार्टी की नींव है, इसलिए नींव मजबूत होना अति आवश्यक है. स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पार्टी की योजना के अनुसार 'बूथ विजय अभियान' के अंतर्गत प्रथम चरण में सभी बूथ समितियों का सत्यापन कार्य 25 अगस्त से 31 अगस्त तक पूरा किया जाना है, जिसके लिए नियुक्त सत्यापन अधिकारी सत्यापित बूथ समितियां मंडल अध्यक्ष के पास 31 अगस्त तक जमा करेंगे, जिसके उपरांत मंडल टीम द्वारा पुनः सत्यापन कर बूथ समितियों को व्यवस्थित करते हुए 3 सितंबर तक पूरा करते हुए जिला अध्यक्ष के पास जमा करना है. जिला टीम द्वारा पुनः समितियों का निरीक्षण व सत्यापन करते हुए मंडल सह विवरण बनाकर 10 सितंबर तक प्रदेश कार्यालय में जमा किया जाना है.

वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की प्रथम बैठक संपन्न हुई. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सभी नवनियुक्त प्रदेश टीम को नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए मार्गदर्शन किया. प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मोर्चा पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां और योजनाएं 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय का आधार बनेगी.

इसे भी पढ़ें:- रेप पीड़ित के आत्मदाह की कोशिश का मामला, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने जांच समिति को सौंपा जवाब

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सतत सम्पर्क व सतत संवाद ही पार्टी की कार्य पद्धति है. हमें समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर लोगों से जुड़ना है और उन्हें पार्टी से जोड़ना है. हम 350 के लक्ष्य के साथ चुनाव में जा रहे हैं और यह लक्ष्य पार्टी के परिश्रमी कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य से पार्टी प्राप्त करेगी. उन्होंने कहा कि इस समय विपक्ष झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहा है. हमें विपक्ष के हर चक्र व्यूह को भेदना है.

प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार व योगी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार अन्त्योदय लक्ष्य के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी वर्गों का समावेश कर रही है. हमारा संगठनात्मक मूल मंत्र भी सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही व सर्वसमावेशी है. संगठनात्मक कार्यों में दक्षता से ही नेतृत्व निर्माण होता है. इसलिए सभी को लक्ष्य 2022 के साथ सभी संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते हुए बूथ स्तर तक पहुंचाना है.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.