ETV Bharat / state

यमुना के बाद अब चंबल नदी खतरे के निशान की ओर बढ़ी, तटवर्ती इलाकों में हड़कंप

author img

By

Published : Aug 1, 2023, 9:10 AM IST

आगरा
आगरा

मथुरा और आगरा में यमुना के उफान के बाद अब चंबल नदी ने अपना डरावना रूप दिखाना शुरू कर दिया है. चंबल नदी खतरे के निशान की तरफ बढ़ रही है. चंबल नदी के किनारे बसे लोगों को अलर्ट कर दिया गया है.

आगरा: ब्रज में यमुना खतरे के निशान को पार करके बह रही है. मथुरा और आगरा में यमुना का जलस्तर डरा रहा है. आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ सकता है. इसके साथ ही राजस्थान में हुई मूसलाधार बारिश से चंबल भी उफनने लगी है. कोटा बैराज से छोड़े गए पानी से चंबल नदी खतरे के निशान की तरफ बढ़ने लगी है. जिस तरह से हर घंटे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है, वैसे ही तटवर्ती क्षेत्र के गांव में हड़कंप मच रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों ने चंबल नदी के किनारे गांव के लोगों को अलर्ट कर दिया है. आगे आने वाले दिनों में चंबल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा.

बता दें कि लगातार गोकुल बैराज से युमना नदी में पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है, जिससे आगरा में यमुना का जलस्तर दोपहर दो बजे 496 फीट था, जो खतरे के निशान से एक फीट ऊपर है. इससे यमुना के तटवर्ती क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. क्योंकि, पहाड़ों पर हो रही बारिश से एक बार फिर यमुना का जलस्तर बढ़ सकता है. पहले बाढ़ से जो नुकसान हुआ था, उसके आंकलन में भी जिम्मेदार अधिकारियों को परेशानी हो रही है.

चंबल नदी का बढ़ने लगा जलस्तर

बता दें कि बीते दिनों से राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कोटा बैराज से एक लाख से ज्यादा क्यूसेक पानी चंबल में छोड़ा गया है. ऐसे ही मध्य प्रदेश में भी बारिश हो रही है. इसलिए, चंबल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. पिनाहट में कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद चंबल नदी में बाढ़ जैसे हालात पैदा होने लगे हैं. चंबल नदी के तेज उफान के बाद तटवर्ती गांव में हड़कंप मचा हुआ है.

कोटा बैराज से छोड़े गए पानी से सोमवार दोपहर दो बजे चंबल नदी का जलस्तर 115.40 मीटर पर पहुंच गया है. इससे पिनाहट घाट पर बने शिव मंदिर के कपाट पूरी तरह से डूब गए हैं. चंबल का हर घंटे जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में हड़कंप मचा हुआ है. एडीएम राजस्व एवं आपदा यशवर्धन सिंह ने बताया कि यमुना और चंबल के बढ़ते जलस्तर को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है. दोनों ही नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. तटवर्ती गांवों के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें: Flood In Agra: देखिए, ताजनगरी में बाढ़ की भयावह तस्वीरें

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.