ETV Bharat / city

कोरोना के चलते इस बार ऑनलाइन होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, कार्यक्रम जारी

author img

By

Published : Dec 4, 2020, 4:35 PM IST

Updated : Mar 2, 2021, 4:02 PM IST

गीता जयंती महोत्सव कुरुक्षेत्र 2021

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव इस बार होगा ऑनलाइन. बिना श्रद्धालुओं और पर्यटकों के होंगे कार्यक्रम. गीता महोत्सव में क्राफ्ट मेला भी नहीं लगेगा. ना ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.

कुरुक्षेत्र: कोरोना का साया इस बार होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर भी पड़ा है. दिसंबर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव को इस बार ऑनलाइन किया जायेगा. पर्यटक और श्रद्धालु घर बैठे इसका लुत्फ उठा सकेंगे. कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2020 का शैडयूल जारी कर दिया है.

ऐसे होगा कोरोना प्रोटोकॉल का पालन

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2020 का आगाज विश्व प्रसिद्ध ब्रहमसरोवर के तट पर पुरुषोतमपुरा बाग में होने वाले गीता यज्ञ से होगा. इस गीता यज्ञ का आयोजन 21 दिसम्बर को सुबह 11 बजे किया जाएगा. इस यज्ञ के लिए 5 कुंड बनाए जाएंगे. प्रत्येक कुंड यज्ञ पर बैठने वाले व्यक्तियों की संख्या 25 तक ही सीमित होगी. इस प्रकार कुल 125 लोगों को ही गीता यज्ञ में बैठने के लिए अनुमति दी जाएगी. इस वर्ष कोविड-19 को लेकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यक्रम आनलाईन प्रणाली और सोशल मीडिया के जरिए ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं तक पहुंचाए जाएंगे. लोगों से लगातार अपील भी की जा रही है कि कोविड-19 के चलते कोई भी पर्यटक व श्रद्धालु कार्यक्रमों में ना पहुंचे. सभी लोग घर बैठे आनलाईन प्रणाली से गीता महोत्सव के कार्यक्रमों को देखें.

इस शैडयूल के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2020 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और क्राफ्ट मेले का आयोजन नहीं किया जा रहा है. इस वर्ष सभी कार्यक्रम आनलाईन प्रणाली, वेब सेमिनार और सोशल मीडिया के जरिए ही आमजन तक पहुंचाए जाएंगे, क्योंकि कोविड-19 की गाईडलाईंस के अनुसार किसी कार्यक्रम में पर्यटकों और श्रद्घालुओं को आमंत्रित नहीं किया जा रहा. हर कार्यक्रम के लिए श्रद्घालुओं की संख्या निर्धारित की गई है तथा इन लोगों को केडीबी द्वारा चिन्हित किया जाएगा. अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2020 के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा जारी किए गए शैडयूल के अनुसार 17 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक रोजाना पुरषोतमपुरा बाग ब्रहमसरोवर पर सायं 5 बजकर 30 मिनट पर आरती का आयोजन किया जाएगा और विधिवत रुप से 21 दिसम्बर से पुरुषोतमपुरा बाग में सुबह 11 बजे गीता यज्ञ से महोत्सव का शुभारम्भ होगा.

महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम

  • 21 दिसम्बर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राधाकृष्ण सदन में अंतरराष्ट्रीय गीता वेबीनार दोपहर 12 बजे शुरु होगा और यह वेबीनार 23 दिसम्बर तक चलेगा.
  • 21 से 25 दिसम्बर तक ज्योतिसर एवं सन्निहित सरोवर पर सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर रोजाना गीता पाठ का आयोजन होगा.
  • इसके अलावा 3 से 12 दिसम्बर तक सुबह 10 बजे विद्यार्थियों के लिए गीता एवं महाभारत पर आधारित आनलाईन जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.
  • 15 से 20 दिसम्बर तक सुबह 10 बजे आनलाईन राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.
  • जन सामान्य के लिए भी 4 से 21 दिसम्बर तक गीता व महाभारत पर आधारित प्रश्नौतरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.
  • 24 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राधाकृष्ण सदन में संत सम्मेलन का आयोजन होगा.
  • महोत्सव के अंतिम दिन 25 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे पुरुषोतमपुरा बाग से आनलाईन प्रणाली से वैश्विक गीता पाठ का आयोजन होगा.
  • 25 दिसंबर को ही शाम 6 बजे ब्रहमसरोवर एवं 48 कोस कुरुक्षेत्र के तीर्थों पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन होगा.
Last Updated :Mar 2, 2021, 4:02 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.