ETV Bharat / state

कांग्रेस की चुनाव के पहले महिलाओं को साधने की तैयारी, टोल फ्री नंबर जारी, भाजपा ने बताया चुनावी स्टंट

author img

By

Published : Sep 23, 2022, 9:16 PM IST

Updated : Sep 23, 2022, 10:38 PM IST

चुनाव के पहले महिलाओं को साधने कांग्रेस ने रणनीति बनाई है. इसकी जवाबदारी महिला कांग्रेस को दी गई है. महिला कांग्रेस ने एक टोल फ्री नंबर जारी किया है. परेशानी में पड़ने पर महिलाएं इस नंबर पर संपर्क कर सकती हैं. इसके बाद महिला कार्यकर्ता फोन करने वाली महिला तक मदद पहुंचाएंगी. भाजपा ने इसे चुनावी स्टंट बताया है. भाजपा महिला मोर्चा का कहना कि महिला कांग्रेस नौटंकी कर रही है.

Women Congress meeting
महिला कांग्रेस की बैठक

रायपुर: छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने स्त्री एप के नाम से एक 1800-203-0589 नंबर जारी किया है. स्त्री एप के माध्यम से महिलाओं को यदि कोई भी परेशानी हो, चाहे वह स्वास्थ्य से संबंधी हो या अन्य जो भी परेशानी है, उस नंबर पर डॉयल करती हैं तो उनकी समस्या का निदान महिला कांग्रेस करेगी. महिला कांग्रेस की ओर से जारी यह टोल फ्री नंबर छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है.

कांग्रेस की चुनाव के पहले महिलाओं को साधने की तैयारी

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलो देवी नेताम का कहना है कि ''इस टोल फ्री के जरिए महिला कांग्रेस जरूरतमंद महिलाओं की मदद के लिए तत्काल पहुंचेगी. टोल फ्री नंबर पर जब भी कोई महिला कॉल करेगी और अपनी समस्याओं की जानकारी देगी, इसके बाद कांग्रेस महिला कार्यकर्ता उससे संपर्क कर उसकी समस्या का निदान करेगी. इस टोल फ्री नंबर पर स्वास्थ्य सहित छेड़छाड़ और महिला प्रताड़ना की शिकायत की जा सकेगी.

चुनाव के मद्देनजर इस टोल फ्री नंबर का कांग्रेस को कितना लाभ मिलेगा इस सवाल के जवाब में फूलो देवी नेताम ने कहा कि ''यह टोल फ्री नंबर चुनाव को देखते हुए जारी नहीं किया गया है, फिर भी चुनाव में इसका पार्टी को जरूर लाभ मिलेगा.''

टोल फ्री नंबर है चुनावी स्टंट: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत का कहना है कि ''कांग्रेस सरकार में प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित हैं. अब महिला कांग्रेस इस टोल फ्री नंबर के जरिए महिलाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. यह एक महज चुनावी नौटंकी है. भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के द्वारा लगातार सरकार के खिलाफ आंदोलन धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इसका असर अब देखने को मिलने लगा है कि महिला कांग्रेस टोल फ्री नंबर जारी कर महिलाओं से जुड़ने की कोशिश कर रही है और यह एक चुनावी स्टंट है.''

यह भी पढ़ें: Korba News: सेकंड लाइन ऑफ आर्मी की तैयारी, 2 साल बाद फिर शुरू, 3500 NCC कैडेट्स ले सकेंगे ट्रेनिंग

महिला वोटर तय करती है प्रदेश में किसकी होगी सरकार: छत्तीसगढ़ में महिला और पुरुष वोटर की संख्या में ज्यादा अंतर नहीं है. यही वजह है कि कांग्रेस ने महिलाओं को साधने की रणनीति बनाई है. छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा की सीटों में 22 ऐसी सीट है, जहां महिला वोटरों की संख्या ज्यादा है. इन 22 सीटों में से 19 सीटें कांग्रेस के पास है.

छत्तीसगढ़ में महिलाओं की अनुमानित जनसंख्या: साल 2020 की अनुमानित जनसंख्या के अनुसार छत्तीसगढ़ में 3 करोड़ 21 लाख 99 हजार 722 लोग हैं. जिसमें अनुमानित महिलाओं की जनसंख्या 1 करोड़ 60 लाख 27 हजार 84 है. प्रदेश में होने वाले चुनाव में पुरुषों के साथ साथ महिलाएं भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती हैं. यही वजह है कि 2023 विधानसभा चुनाव में सभी पार्टी अब महिलाओं को साधने में जुटी है.

महिला और पुरुष वोटरों की संख्या

2003 विधानसभा चुनाव में वोटर
• कुल - 1.35 करोड़
• पुरुष - 68.11 लाख
• महिला - 67.32 लाख

2018 विधानसभा चुनाव में वोटर
• कुल - 1.89 करोड़
• पुरुष - 94.77 लाख
• महिला - 94.38 लाख

90 में से 15 सीटों पर काबिज हैं महिला विधायक: छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीट में 15 सीटों पर महिलाएं काबिज हैं. साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 90 सीट में से 13 सीटें महिलाओं ने जीतीं. इसके बाद प्रदेश में हुए दो उपचुनाव में कांग्रेस से जीत हासिल कर देवती कर्मा और यशोदा वर्मा भी विधानसभा में पहुंची हैं.

कांग्रेस महिला विधायक

1. अनिला भेडिया
2. अम्बिका सिंहदेव
3. रश्मि सिंह ठाकुर
4. शकुंतला साहू
5. संगीता सिन्हा
6. देवती कर्मा
7. अनिता शर्मा
8. उत्तरी जांगड़े
9. लक्ष्मी ध्रुव
10. ममता चंद्राकर
11. छन्नी साहू
12. यशोदा बर्मा
13. रंजना साहू
14. रेणु जोगी
15. इंदु बंजारे

इन 15 महिला विधायकों में 12 विधायक कांग्रेस की हैं. वहीं भाजपा, बहुजन समाज पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से एक एक महिला विधायक है. भाजपा से रंजना साहू, बहुजन समाज पार्टी से हिंदू बंजारे और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे )से रेणु जोगी विधायक हैं.

एक महिला विधायक है मंत्री: कांग्रेस के 12 महिला विधायकों में से एक महिला विधायक को मंत्री बनाया गया है. मंत्री बनने वाली महिला विधायक का नाम अनिला भेड़िया है. वह वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग देख रही हैं.

तीन महिला विधायकों को बनाया गया संसदीय सचिव: तीन महिला विधायक संसदीय सचिव का दायित्व निभा रही हैं. इनमें बैकुंठपुर से विधायक राज परिवार से आने वाली अम्बिका सिंहदेव, पीएचई विभाग की संसदीय सचिव हैं. कसडोल से विधायक शकुंतला साहू कृषि पशुपालन विभाग में संसदीय सचिव हैं. तखतपुर से विधायक रश्मि सिंह ठाकुर संसदीय सचिव हैं.

11 लोकसभा सीटों पर 3 महिला सांसदों का कब्जा: छत्तीसगढ़ लोकसभा में कुल 11 सीटें हैं. जिसमें से 3 सीटों पर महिलाओं का कब्जा है. इन 3 सीटों में से दो भाजपा और एक कांग्रेस के पास है.

5 राज्यसभा सीटों में से 3 पर महिला सांसद काबिज: यदि राज्यसभा सीटों की बात की जाए तो प्रदेश में कुल 5 राज्यसभा सीटें हैं, जिसमें से वर्तमान में 3 सीटों पर महिला सांसदों का कब्जा है. इन 3 सीटों में से 2 पर कांग्रेस और एक पर भाजपा सांसद काबिज है.

Last Updated :Sep 23, 2022, 10:38 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.