बिहार पुलिस के एनकाउंटर में घायल भरत भूषण तिवारी की मौत, इलाज के दौरान PMCH में तोड़ा दम
भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाले युवक की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गई है. पढ़ें पूरी खबर..

Published : June 17, 2026 at 7:13 PM IST
भोजपुर: जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार की सुबह पुलिस और हथियारबंद युवक के बीच हुई मुठभेड़ में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखा बरामद किया था.
पुलिस एनकाउंटर में जख्मी युवक की मौत: भोजपुर एसपी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि बिलौटी गांव निवासी काशीनाथ तिवारी का पुत्र भरत भूषण तिवारी हाथ में पिस्टल लेकर हवा में फायरिंग कर रहा है. सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए शाहपुर पुलिस और भोजपुर एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची.

आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस: मौके पर पहुंची पुलिस के टीम ने युवक को लगातार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन युवक नहीं माना और पुलिस पर रुक-रुक कर फायरिंग करता रहा. इससे पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों की जान-माल को खतरा उत्पन्न हो गया.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस को करनी पड़ी फायरिंग : स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसटीएफ के जवानों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर क्लोज कॉर्डनिंग की. इसी दौरान युवक ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोली चलाई. आत्मरक्षा एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें युवक के पैर में गोली लग गई.
PMCH में तोड़ा दम: घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
दिनांक-17.06.2026 को पुलिस द्वारा की कार्रवाई की अद्यतन स्थिति :-#HainTaiyaarHum #BiharPolice @bihar_police @IPRDBihar pic.twitter.com/nOyzWoxyNV
— Bhojpur Police (@bhojpur_police) June 17, 2026
SDM को धमकी देने का था मामला: शाहपुर थानाक्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी आरोपी भरत भूषण तिवारी ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर जगदीशपुर SDM को एनकाउंटर की धमकी दी थी. इसी मामले को लेकर पुलिस उसे पकड़ने गई थी, लेकिन वह दारोगा पर 20 मिनट तक पिस्तौल ताने रहा और चालाकी करने पर पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी भी दी.
ये भी पढ़ें
थानेदार पर ही तान दी पिस्टल, कहा- 'सबको ठोक दूंगा', आखिरकार पुलिस को चलानी पड़ी गोली

