टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली में 8.78 लाख लोगों की हुई स्क्रीनिंग, जल्द टीबी मुक्त होगी देश की राजधानी
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह ने दिल्ली सचिवालय में की टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा

Published : December 4, 2025 at 8:57 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली सचिवालय में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) की क्रियान्वयन समीक्षा की. इस बैठक में दिल्ली स्वास्थ्य विभाग एवं ट्यूबरक्लोसिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और डॉक्टर मौजूद रहे. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत दिल्ली में अब तक हुई प्रगति का आकलन किया.
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने 100 दिन के टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि दिल्ली सरकार ने टीबी के खिलाफ लड़ाई तेज कर दी है. उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली में 8.78 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई है. इस कैंपेन के जरिए लगभग 3.8 लाख एक्स-रे किए गए हैं. साथ ही स्लम इनिशिएटिव प्रोग्राम के तहत लगभग 95,001 लोगों की चेस्ट एक्स-रे से स्क्रीनिंग कर टीबी की जांच की गई.
आज दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
— Pankaj Kumar Singh (@drpankajbjp) December 4, 2025
जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा एवं ‘टीबी मुक्त समाज’ के संकल्प को मजबूत करने हेतु कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन और सार्थक चर्चा हुई। pic.twitter.com/WNae1aLk9b
टीबी जांच के लिए खोले गए 190 केंद्र, इलाज के लिए 365 केंद्र
डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि वर्ष 2025 तक क्रोनिक संक्रामक टीबी उन्मूलन को लेकर बनाए गए लक्ष्य टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली सरकार का मिशन इस श्रेणी में अग्रणी बना हुआ है, जो प्रधानमंत्री मोदी के विजन हेल्थ-फॉर-ऑल को सार्थक करता है. दिल्ली सरकार ने लगभग 50 लाख लोगों की टीबी की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया है. दिल्ली में टीबी के मरीजों के बेहतर इलाज और समुचित देखभाल के लिए अब 190 डायग्नोस्टिक केंद्र और 365 उपचार केंद्र स्थापित किए गए हैं.
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा, ''हमारी सरकार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि और सकारात्मक संकेत यह है कि जनवरी से लेकर नवंबर 2025 के बीच के राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के लक्ष्यों में से दिल्ली ने 99 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिए हैं. हमारी सरकार की इस उपलब्धि और महत्वपूर्ण जन-भागीदारी वाली शानदार पहल के लिए इस वर्ष दिल्ली को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रतिष्ठित जन भागीदारी अवॉर्ड से सम्मानित किया, जो जन भागीदारी पर आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.''
बहुत जल्द टीबी मुक्त लक्ष्य को हासिल करेगी दिल्ली: स्वास्थ्य मंत्री
टीबी मरीजों की निगरानी, ट्रैकिंग, नियंत्रण, मरीजों को पोषण, आर्थिक सहायता और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए नि-क्षय मित्र पहल के तहत दिल्ली में 4313 नागरिकों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिन्होंने अब तक कुल 2,23,457 भोजन पैकेट वितरित किए हैं और 1,03,593 टीबी मरीजों को दवा और फॉलो-अप के लिए सहयोग प्रदान किया गया है.
डॉक्टर पंकज सिंह ने यह भी कहा कि राजधानी दिल्ली बहुत जल्द एक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. टीबी को लेकर हम जो प्रगति देख रहे हैं, वह स्वास्थ्य विभाग और टीबी मुक्त अभियान से जुड़े अधिकारियों के मजबूत टीम वर्क, जन-भागीदार और हमारे स्वास्थ्य कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है. टीबी जांच का दायरा बढ़ाने के लिए हम लोगों की स्वास्थ्य जांच, सहायता व्यवस्था और सामाजिक भागीदारी को और ज्यादा मजबूत करेंगे, ताकि हर टीबी मरीज को वक्त रहते समय पर इलाज के साथ मासिक पोषण और सरकारी सहायता मिले.
ये भी पढ़ें:

