बिहार में बेरोजगार युवाओं की बल्ले-बल्ले, रोहतास में 453 को मिली ऑन-द-स्पॉट नौकरी
डालमियानगर रोजगार मेले में 24 कंपनियों ने 453 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया, एसडीएम ने सराहना करते हुए बड़ी संख्या में भाग लेने को कहा

Published : July 28, 2026 at 6:33 PM IST
रोहतास: बिहार में बेरोजगार युवाओं के लिए राहत वाली खबर सामने आई है. रोहतास में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से जिला स्तरीय रोजगार व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया.
रोजगार को लेकर उत्साह:सरकार के तत्वाधान में मंगलवार को संयुक्त श्रम भवन डालमिया नगर परिषद में मेले का आयोजन किया गया था. मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं में नए रोजगार को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला. इस रोजगार मेले में करीब 1800 अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिनमें से 453 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों के द्वारा शॉर्टलिस्टेड किया गया.

पदाधिकारियों ने किया उद्घाटन: मुख्य अतिथि एसडीएम निलेश कुमार, सहायक निदेशक नियोजन सुबोध कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश कुमार तिवारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विजेता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
24 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा: रोजगार मेले में कुल 24 निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया. इनमें एचआरबीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, क्यूसेकॉर्प, एलआईसी ऑफ इंडिया, एसआईएस लिमिटेड, एमबीआई लाइफ केयर प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल थी. कंपनी ने टेक्निकल ऑपरेटर, सेल्स फील्ड ऑफिसर, नर्स, इंश्योरेंस एजेंट, मैकेनिक ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, शिक्षक समेत कई पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया.
453 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्टेड: मेले में कुल 30 स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें से 24 कंपनियों के स्टॉल, चार रजिस्ट्रेशन काउंटर और दो विभागीय स्टॉल शामिल थे. लगभग 1800 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई इनमें से 1491 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया. इनमें से 453 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्टेड किया गया जबकि 63 अभ्यर्थियों को सरकारी विभागों द्वारा करियर और रोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया.
शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों में खुशी: शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. फ्रीडम एम्प्लॉयएबिलिटी एकेडमी नामक एनजीओ में शिक्षिका की नौकरी मिलने पर महिला अभ्यर्थी वर्षा कुमारी ने कहा कि उन्हें जॉब की नीड थी, भाई से पता चला कि अवर प्रादेशिक नियोजनालय डालमियानगर में जब कैंप का आयोजन किया जा रहा है सीवी लेकर पहुंची और मुझे नौकरी मिल गई.
"रोजगार मेले में जॉब के लिए आई थी, यहां जॉब मिल गई काफी खुश हूं मैं. बेरोजगार युवक युवतियों के लिए रोजगार मेला काफी फायदेमंद साबित हो रहा है."-वर्षा कुमारी, शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थी
रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उद्देश्य: डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार ने कहा कि अवर प्रादेशिक नियोजनालय डालमियानगर के द्वारा प्रत्येक वर्ष जिले के विभिन्न प्रखंडों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उनके घर के आसपास ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है.
रोजगार से जोड़ने के लिए कार्य: एसडीएम निलेश कुमार ने आगे कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कई स्तरों पर कार्य कर रही है. रोजगार मेला सीधे तौर पर नौकरी और युवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह बिना किसी झिझक के ऐसे आयोजन में भाग ले और अपने कौशल के बल पर उज्जवल भविष्य का निर्माण करें.
"प्रत्येक वर्ष जिले के विभिन्न प्रखंडों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उनके घर के आसपास ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. युवाओं से अपील है कि वे बिना किसी झिझक के ऐसे आयोजन में भाग ले और अपने कौशल के बल पर उज्जवल भविष्य का निर्माण करें."- निलेश कुमार, एसडीएम, डेहरी
इसे भी पढ़ें-
4954 ANM को सरकार ने दिया नियुक्ति पत्र, जानिए क्या बोले नीतीश कुमार
रोजगार का नया ठिकाना, महानगर छूटे पीछे, भारत के ये 10 छोटे शहर बने युवाओं की पहली पसंद

