DRRO साइंटिस्ट से मारपीट मामला, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से भड़के लोग, पहुंचे SSP ऑफिस
देहरादून में DRDO वैज्ञानिक पर हमला करने वाले हमलावर के खिलाफ कार्रवाई के लिए कॉलोनीवासी SSP कार्यालय पहुंचे.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 16, 2026 at 5:24 PM IST
देहरादून: रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के साइंटिस्ट के साथ मारपीट मामले पर एटीएस कॉलोनी के लोग आज एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मारपीट के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. कॉलोनी वासियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आगे की कार्रवाई नहीं की. एसपी देहात ने कॉलोनी के लोगों से मुलाकात कर जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
जानें पूरा मामला: दरअसल, डीआरडीओ में तैनात सीनियर साइंटिस्ट शिखा ने बताया कि, उनके पति अनिरुद्ध शर्मा भी डीआरडीओ में साइंटिस्ट हैं. 13 अप्रैल की दोपहर बिल्डर पुनीत अग्रवाल की ओर से गोल्डन फॉरेस्ट की जमीन पर दीवार निर्माण का कार्य किया जा रहा था. प्लाट का मलबा उनके घर की तरफ गिर रहा था. उसको लेकर उनके माली ने बिल्डर पुनीत अग्रवाल से मिट्टी पड़ने और पौधों को नुकसान पहुंचने के संबंध में बात की.
आरोप है कि इतनी सी बात पर पुनीत अग्रवाल भड़क गया और उसने माली, सास और ससुर के साथ गाली गलौज की. इस दौरान उनके पति अनिरुद्ध शर्मा ने पुनीत अग्रवाल से बात की तो उसने अचानक उनके पति पर हमला कर दिया. बिल्डर ने गालियां देते हुए उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान उनके पति को काफी चोटें आई. इस दौरान पीड़ित अनिरुद्ध शर्मा के कान का पर्दा भी फट गया. जिसके बाद तहरीर पर बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.
एटीएस कॉलोनी के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि, आरोपी पुनीत अग्रवाल ने पहले भी कॉलोनी में विवाद किया है. बिल्डर पुनीत अग्रवाल की ओर से एटीएस कॉलोनी में मारपीट का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले बिल्डर ने दीपावली के दौरान पिस्टल लहरा दी थी. जिसके बाद डीएम ने उनका असलहा लाइसेंस रद्द कर दिया था. उस दौरान भी पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था. लेकिन उस समय भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. पुनीत अग्रवाल के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. लेकिन अब तक भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि, रायपुर क्षेत्र के एटीएस कॉलोनी के लोगों ने मुलाकात की है. मारपीट के आरोप में आरोपी पुनीत अग्रवाल के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था. सोसाइटी के लोगों को आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:

