ETV Bharat / state

रुद्रपुर में बिरयानी ऑर्डर को लेकर बवाल, नाम बदलकर रजिस्ट्रेशन का आरोप, दुकानदार हिरासत में

रुद्रपुर में ऑनलाइन बिरयानी ऑर्डर को लेकर जमकर विवाद हुआ. हिंदूवादी नेताओं की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

RUDRAPUR BIRYANI DISPUTE
बिरयानी ऑर्डर को लेकर हंगामा करते लोग (Photo-Local Resident)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 16, 2026 at 7:42 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: ऑनलाइन बिरयानी ऑर्डर को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब युवाओं ने एक रेस्टोरेंट पर गलत नाम से रजिस्ट्रेशन कर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया. मामले ने तूल पकड़ लिया और मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

शहर में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया. जानकारी के अनुसार, युवक ने एप के माध्यम से चिकन बिरयानी का ऑर्डर किया गया था. हालांकि, जब ऑर्डर करने वाले युवक को इस बात का संदेह हुआ कि जिस स्थान से बिरयानी मंगाई जा रही है, वहां त्रिशूल चौक क्षेत्र में इस नाम से कोई दुकान मौजूद नहीं है, तो उसने इस मामले की जानकारी अपने अन्य साथियों को दी.

शक के आधार पर कुछ युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने डिलीवरी राइडर का इंतजार करना शुरू कर दिया. जैसे ही डिलीवरी राइडर वहां पहुंचा और उसने रेस्टोरेंट संचालित (समुदाय विशेष) करने वाले युवक से बिरयानी ली, तभी मौके पर मौजूद युवाओं ने उसे रोक लिया और विरोध शुरू कर दिया. युवाओं का आरोप था कि रेस्टोरेंट संचालक ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपना रजिस्ट्रेशन हिंदू नाम से किया हुआ है, जिससे लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. इस मुद्दे को लेकर युवाओं ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और रेस्टोरेंट के खिलाफ नाराजगी जताई.

स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई और विवाद बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को बिगड़ने से रोका. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. रुद्रपुर कोतवाली एसएसआई अनिल जोशी भी अपनी टीम के साथ पहुंचे और उन्होंने स्थिति को संभालते हुए सभी पक्षों को अलग किया.

एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है.

पढ़ें-मूर्ति स्थापना विवाद को लेकर हंगामा, आपस में भिड़े उत्तराखंड के दो दिग्गज नेता, समर्थकों ने भी काटा बवाल