ETV Bharat / state

किच्छा सड़क हादसे में 4 साल की मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मृतका के चाचा रामकिशन ने बताया कि बच्ची घर के पास ही दुकान जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ है

ROAD ACCIDENT IN KICHHA
किच्छा में सड़क हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 16, 2026 at 3:42 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: किच्छा क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां घर के पास दुकान जा रही 4 वर्षीय बच्ची को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ईशानवी अपने परिवार में सबसे छोटी थी. उसके पिता इंद्रपाल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं. परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं, जिनमें ईशानवी सबसे छोटी और बेहद लाडली थी. उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतका के चाचा रामकिशन ने बताया कि बच्ची घर के पास ही दुकान जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ है. उन्होंने बताया कि टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गया.

वहीं, किच्छा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने घटनास्थल से बाइक को कब्जे में ले लिया है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी बाइक सवार की पहचान की जा सके.

पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

पढे़ं- रुद्रपुर में बिरयानी ऑर्डर को लेकर बवाल, नाम बदलकर रजिस्ट्रेशन का आरोप, दुकानदार हिरासत में

पढे़ं- रुद्रपुर: गैस सिलेंडर ब्लास्ट से घर में लगी आग, 3 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग झुलसे