बिहार रेल रूट पर बड़ा ब्लॉक, 4 अक्टूबर तक सैकड़ों ट्रेनें कैंसिल और डायवर्ट.. देखें पूरी लिस्ट
राजेंद्र रेल पुल पर एनआई कार्य शुरू हुआ है, जिससे समस्तीपुर रेल मंडल की दर्जनों ट्रेनें रद्द और कई मार्ग परिवर्तित की गईं. रिपोर्ट-अमित कुमार

Published : September 22, 2026 at 7:51 AM IST
समस्तीपुर: राजेंद्र रेल पुल पर होने वाले प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (प्री-एनआई) और नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण 20 सितंबर से 04 अक्टूबर 2026 तक समस्तीपुर रेल मंडल की बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. करीब 14 दिनों तक चलने वाले इस कार्य के दौरान कई ट्रेनें रद्द, कुछ परिवर्तित मार्ग से और कुछ आंशिक रूप से समाप्त की जाएंगी.
कार्य का उद्देश्य और क्षेत्र
समस्तीपुर रेल डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी आर.के. सिंह के अनुसार नए राजेंद्र रेल पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए राजेंद्र पुल, ऊपरी हाथीदह जंक्शन, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया क्षेत्र में प्री-एनआई एवं एनआई कार्य किया जा रहा है. इस अवधि में विभिन्न तिथियों पर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है.
"इस प्री NI व NI कार्य के दौरान यात्रियों से अपील है कि उपरोक्त अवधि में यात्रा करने से पहले अपनी संबंधित ट्रेन की यात्रा की तिथि, परिचालन स्थिति, परिवर्तित मार्ग एवं ठहराव की नवीनतम जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. मार्ग परिवर्तन के कारण कुछ निर्धारित स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव में भी परिवर्तन हो सकता है."-आर.के.सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, समस्तीपुर रेल डिवीजन

जयनगर से संबंधित रद्द ट्रेनें
जयनगर मार्ग की प्रमुख ट्रेनों में 13031 हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस 20 सितंबर से 03 अक्टूबर तक तथा 13032 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस 21 सितंबर से 04 अक्टूबर तक रद्द रहेगी. 13135 कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस 26 सितंबर व 03 अक्टूबर को तथा 13136 जयनगर-कोलकाता एक्सप्रेस 27 सितंबर व 04 अक्टूबर को नहीं चलेगी. 13185 सियालदह-जयनगर और 18419-18420 पुरी-जयनगर एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों में रद्द की गई हैं.
सीतामढ़ी और रक्सौल मार्ग की रद्द ट्रेनें
सीतामढ़ी से जुड़ी 13155 कोलकाता-सीतामढ़ी एक्सप्रेस 24, 27 सितंबर व 01 अक्टूबर को तथा 13156 सीतामढ़ी-कोलकाता 28 सितंबर व 02 अक्टूबर को रद्द रहेगी. 13165 और 13166 भी प्रभावित हैं. रक्सौल मार्ग पर 13043 हावड़ा-रक्सौल 25, 30 सितंबर व 02 अक्टूबर को तथा 13044 रक्सौल-हावड़ा 26 सितंबर, 01 व 03 अक्टूबर को रद्द की गई है.
मुजफ्फरपुर और अन्य प्रमुख एक्सप्रेस रद्द
कोलकाता-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 13157 29 सितंबर को तथा 13158 30 सितंबर को नहीं चलेगी. इसके अलावा 18182 टाटानगर-थावे एक्सप्रेस 01, 03 व 04 अक्टूबर को तथा 18629-18630 रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस जोड़ी 25-26 सितंबर व 02-03 अक्टूबर को रद्द रहेगी.
समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र मार्ग से परिवर्तित ट्रेनें
12545 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 24 सितंबर व 01 अक्टूबर को तथा 12577 दरभंगा-मैसूर 29 सितंबर को समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र-दानापुर मार्ग से चलेगी. 12435 जयनगर-आनंद विहार टर्मिनल और 12436 आनंद विहार-जयनगर भी इसी परिवर्तित मार्ग पर निर्धारित तिथियों में संचालित होंगी.
बरौनी-मुंगेर-रामपुरहाट मार्ग से डायवर्जन
13020 काठगोदाम-हावड़ा और 13019 हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस 25 सितंबर से 03 अक्टूबर तक बरौनी-मुंगेर-रामपुरहाट-बर्द्धमान मार्ग से चलेंगी. 13021 हावड़ा-रक्सौल और 13022 रक्सौल-हावड़ा भी अक्टूबर की शुरुआती तारीखों में इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगी.

मुंगेर-किऊल मार्ग से चलने वाली ट्रेनें
17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 24 सितंबर को किऊल-मुंगेर-बरौनी तथा 01 अक्टूबर को किऊल-जमालपुर-मुंगेर मार्ग से चलेगी. 17006, 17007 दरभंगा-चार्लापल्ली और 17008 चार्लापल्ली-दरभंगा भी निर्धारित तिथियों में मुंगेर-किऊल मार्ग से परिचालित होंगी.
आंशिक समापन वाली ट्रेनें
15503 सहरसा-पटना एक्सप्रेस 25, 28 सितंबर व 02 अक्टूबर को सोनपुर में आंशिक रूप से समाप्त होगी. इसी प्रकार 15509 ललितग्राम-पटना एक्सप्रेस 22 सितंबर से 04 अक्टूबर के बीच निर्धारित तिथियों में सोनपुर तक ही चलेगी.
यात्रियों के लिए अपील
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट, आईआरसीटीसी ऐप या पूछताछ काउंटर से ट्रेन की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें. प्रभावित यात्रियों को नियमों के अनुसार रिफंड और वैकल्पिक व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इस महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के दौरान यात्री अपने यात्रा कार्यक्रम की पहले से योजना बना लें.
ये भी पढ़ें-
सीमांचल को विशेष लाभ, 4 अक्टूबर से चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, देखें समय और ठहराव
दिवाली, छठ और दुर्गा पूजा पर चलेंगी 800 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, प्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

