ETV Bharat / state

सरेंडर करने के बाद क्यों मारी 5 गोली? भरत भूषण तिवारी की मां का सवाल

भरत भूषण तिवारी की मां का आरोप है कि सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उनके बेटे को 5 गोली मारी. पढ़ें पूरी खबर..

BHOJPUR POLICE ENCOUNTER
भरत भूषण तिवारी की मां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 18, 2026 at 12:24 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

भोजपुर: जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए युवक भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. वहीं मृतक युवक की मां ने पुलिस एनकाउंटर पर गंभीर सवाल उठाए हैं. रोती बिलखती मां का कहना है कि मेरा बेटा समाज की भलाई में लगा रहता था. सरेंडर कर चुका था, उसके बाद पुलिस ने गोली मार दी.

सरेंडर करने के बाद क्यों मारी गोली?- भरत भूषण की मां: भरत भूषण तिवारी की मां का कहना है कि कुछ लोग आए और बोले के बबुआ समाज सेवा करो. मेरा बेटा गया और लड़ रहा था. आज यही दिन देखने को मिल रहा है कि मेरे बेटे को पांच गोली मार दी गई. पांच गोली मारकर दिखा नहीं रहे हैं. बोल रहे हैं नहीं दिखाएंगे, भागिए आपलोग.

भरत भूषण तिवारी की मां का पुलिस पर आरोप (ETV Bharat)

"मेरे बेटे के मिजाज थोड़ा गर्म था. उसके पास लाइसेंसी पिस्तौल नहीं था. गांव के ही किसी ने उसे हथियार दिया था और बहका दिया था. सरेंडर कर दिया था, तब पांच गोली चला दिया."- भरत भूषण तिवारी की मां

समाज कल्याण के लिए दे दी जान- भरत भूषण की मां: उन्होंने आगे कहा कि सुबह 9 बजे की घटना है. बेटे ने समाज कल्याण के लिए जान दे दी. किसकी भलाई उसने नहीं की थी. उसका सरकार ने यही बदला दिया है.

आरा-बक्सर फोरलेन जाम: घटना के बाद से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है. आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलौटी गांव के समीप मृतक के शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर फोरलेन को जाम कर दिया है. आक्रोशितों ने घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

BHOJPUR POLICE ENCOUNTER
आक्रोशित ग्रामीण (ETV Bharat)

"क्रांतिकारी को मारने का आदेश कहीं नहीं है. मान लीजिए की हमारे ऊपर केस हो गया और हम सरेंडर करने गए हैं तो हमको गोली मार देगा क्या? बाएं साइड में पेट के नीचे गोली मारी गई है और घुटने के ऊपर मारा है. हमें भी पता है कि नियम के अनुसार घुटने से ऊपर गोली नहीं मारना है. एसपी के पास ऑपरेशन लंगड़ा चलाने का अधिकार है."- ग्रामीण

"लोगों ने घेरकर एनकाउंटर कर दिया. ये कौन-सा अपराधी था. कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. ये तो समाज सेवा कर रहा था. अन्याय हुआ है. इसका प्रशासन को जवाब देना होगा. प्रशासन ने गलती की है."- ग्रामीण

BHOJPUR POLICE ENCOUNTER
आक्रोशित ग्रामीण (ETV Bharat)

आवागमन पूरी तरह बाधित : मिली जानकारी के अनुसार आरा- बक्सर मार्ग पर एक से डेढ़ हजार की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. सड़क जाम के कारण फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.

पुलिस पर तान दी थी पिस्टल: बताया जाता है कि बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी मानसिक रूप से परेशान था. उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह हथियार के साथ दिखाई दे रहा था. वीडियो की जांच के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम उसके घर पहुंची थी. इस दौरान युवक कथित रूप से उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी.

BHOJPUR POLICE ENCOUNTER
भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद हंगामा (ETV Bharat)

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जख्मी हुआ था युवक: इसके बाद बुधवार की सुबह शाहपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम उसे पकड़ने के लिए दोबारा उसके घर पहुंची. पुलिस के अनुसार युवक ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. मुठभेड़ के दौरान युवक को कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

PMCH में इलाज के दौरान मौत: घायल युवक को पहले शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया. स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पटना पीएमसीएच भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

क्या है पुलिस का कहना? : भोजपुर पुलिस ने बताया कि, 17 जनवरी सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति, जिसका नाम भरत भूषण तिवारी है, अपने हाथ में पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग कर रहा है. जिसके बाद पुलिस और भोजपुर एसटीएफ टीम मौके पर पहुंची और भरत तिवारी को सरेंडर करने के लिए कहा गया.

''वो अपने हाथ में पिस्टल लिए हुआ था, जिससे पुलिस पर लगातार रूक-रूक कर फायरिंग करता रहा, जिससे पुलिस और आम लोगों की जान को खतरा था. पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो सामने से फायरिंग हुई. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की, जो युवक के हाथ में लगी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.'' - भोजपुर पुलिस

गांव में कैंप कर रही पुलिस: युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुटे रहे. क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.

ये भी पढ़ें

बिहार पुलिस के एनकाउंटर में घायल भरत भूषण तिवारी की मौत, इलाज के दौरान PMCH में तोड़ा दम

थानेदार पर ही तान दी पिस्टल, कहा- 'सबको ठोक दूंगा', आखिरकार पुलिस को चलानी पड़ी गोली