असम में भूपेश और पीसीसी चीफ गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव, बघेल बोले- मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का गुंडाराज
नगांव में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद लौटने के दौरान भूपेश और गोगोई के काफिले पर पथराव किया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 22, 2026 at 7:44 AM IST
रायपुर: असम में चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की घटना से सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के नवनियुक्त असम प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के काफिले पर नौगांव में पथराव किए जाने का कांग्रेस ने आरोप लगाया है. पार्टी के मुताबिक, घटना में दोनों नेता सुरक्षित हैं, जबकि काफिले में पीछे चल रही एक गाड़ी के शीशे टूट गए. कांग्रेस ने एक राष्ट्रीय सचिव के घायल होने का भी दावा किया है.
"न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता, जीत तय"
पथराव के बाद भूपेश बघेल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर बड़ा हमला बोला है. एक्स पर पोस्ट कर पूर्व सीएम ने कहा- नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफिले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है. आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है. बघेल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है. बघेल ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा किया.
आज नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफ़िले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है। हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया। भीतर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं। मैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे उस पर तो एसिड तक फेंका गया। गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे। मोटर साइकिलों पर बड़ी दूर तक हमारा पीछा तक किया गया। कुछ में भाजपा के झंडे भी लगे थे। बहुत से साथी घायल हुए हैं। हमने थाने में रपट लिखाई है। फिर हम कलेक्टर और एसपी से भी मिले। आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफ़ाश हुआ है। एक सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी है क्योंकि आचार संहिता के बाद क़ानून व्यवस्था चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी होती है। भाजपा के इस हमले की वजह है लोकसभा उपचुनाव चुनाव में हारने का डर। न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) September 21, 2026
कांग्रेस ने BJP पर लगाया आरोप
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि नौगांव में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद लौट रहे भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर भाजपा से जुड़े लोगों ने पथराव किया. उन्होंने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए घटना की कड़ी निंदा की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज
कांग्रेस ने इस घटना को लेकर असम की भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं. पार्टी का कहना है कि विपक्षी नेताओं के काफिले पर इस तरह का हमला गंभीर मामला है और सरकार को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
भाजपा की कायराना करतूत है. उपचुनाव में हार से बौखलाई हुई भारतीय जनता पार्टी इस तरह की हरकतों में उतर आई है. असम में परिवर्तन दिख रहा है. लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय है -सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष, मीडिया विभाग कांग्रेस
चुनावी माहौल के बीच बढ़ी राजनीतिक गर्मी
नौगांव की रैली के बाद हुई इस घटना ने चुनावी माहौल के बीच सियासी बयानबाजी को और तेज कर दिया है. कांग्रेस ने रैली में उमड़ी भीड़ को अपने पक्ष में माहौल के तौर पर पेश करते हुए आरोप लगाया कि इसी बीच उसके नेताओं के काफिले को निशाना बनाया गया.

पहले आधिकारिक दौरे पर असम पहुंचे थे बघेल
गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को असम का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है. 21 सितंबर को वह अपने पहले आधिकारिक दौरे पर असम पहुंचे थे. नौगांव में चुनावी कार्यक्रम के बाद उनके और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव की घटना सामने आई.


