'फसल मुआवजा जन अधिकार' आंदोलन: कांग्रेस ने की किसानों को मुआवजा देने की मांग
भीलवाड़ा में कांग्रेस ने 'फसल मुआवजा जन अधिकार' आंदोलन का आगाज किया. इसमें किसानों को मुआवजा देने की मांग की गई.


Published : September 19, 2025 at 6:38 PM IST
भीलवाड़ा: जिला मुख्यालय के खटीक छात्रावास में शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से 'फसल मुआवजा जन अधिकार' आंदोलन का आगाज किया गया. इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने प्रदेश में अतिवृष्टि के चलते किसानों को हुए नुकसान पर सरकार से फसल मुआवजे की मांग की. इस दौरान कोटा से सांसद प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा पूरे देश में मेवाड़ की अस्मिता को बेचती है.
धीरज गुर्जर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे राजस्थान में किसान अतिवृष्टि से पीड़ित हैं. खेतों में किसानों के सपने का खून हो गया है. सरकार मानवीय संवेदना खोकर यात्राएं कर रही है. वहीं वर्तमान में बीजेपी पीएम मोदी का जन्मदिवस मनाने में मशगूल है. यह समय उत्सव मनाने का नहीं है. भाजपा उत्सव मना कर किसानों के जख्मों पर नमक डालने का काम कर रही है. किसानों की मांगों को लेकर 'फसल मुआवजा जन अधिकार' आंदोलन का आगाज किया गया. इसमें किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए फसल की जल्द गिरदावरी कराकर मुआवजे की मांग की.
पढ़ें: सांसद भजनलाल जाटव बोले-सरकार का सिस्टम फैलियर, किसानों को मिले फसल खराबे का मुआवजा
मुआवजा नहीं पहुंचा बैंक खातों में: प्रेस से मुखातिब होते हुए धीरज गुर्जर ने कहा कि पिछले वर्ष 1 लाख 20 हजार किसानों के खातों में 80 करोड़ रुपए मुआवजा पहुंचाना था. प्रशासनिक लापरवाही के चलते यह मुआवजा बैंक खातों में नहीं पहुंचा. इस वर्ष भी अतिवृष्टि के चलते भीलवाड़ा जिले में 300 से 400 करोड़ रुपए की फसल खराब हुई. सरकार को मुआवजे की घोषणा करनी थी, लेकिन सरकार तो सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त है. उनको मुआवजा देने के साथ स्मार्ट मीटर नहीं लगाने, प्रति लीटर दूध पर पशुपालकों को 5 रुपएअनुदान देने, ग्राम पंचायतों का फिर से पुनर्गठन करने और जर्जर स्कूलों की इमारतों को सही करवाने की मांग को लेकर जिले के किसानों के लिए मेवाड़ व हाड़ौती क्षेत्र के राजनेता खड़े हैं.

प्रहलाद गुंजल ने भाजपा पर लगाए आरोप: किसानों को संबोधन के दौरान राजनेताओं ने किसानों को मुआवजा नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी. किसानों को संबोधित करते हुए कोटा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने भाजपा पर जमकर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा मेवाड़ की अस्मिता पूरे देश में बेचने में लगी है. उन्होंने साथ ही ठगी के आरोप लगाए हैं. गुंजल ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन और सरकार किसानों को मुआवजा नहीं देगी, तो आगे बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
पढ़ें: पूर्व राजस्व मंत्री का आरोप- किसानों के हित में नहीं है भाजपा, मुआवजे पर कही ये बात
इस आंदोलन में भीलवाड़ा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक हगामी लाल मेवाड़ा सहित सहाडा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, भीलवाड़ा शहर से कांग्रेस प्रत्याशी ओम नारायणीवाल नजर नहीं आए. उनका नहीं आना लोगों में चर्चा का विषय बना रहा. आंदोलन को पूर्व मंत्री अर्जुन बामणिया, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, रघुवीर मीणा सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों से आए कांग्रेस के पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायकों ने संबोधित किया.

