सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का जलवा, बिहार को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम
सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में झारखंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. क्वाटर फाइनल में बिहार को शिकस्त दी है. रिपोर्ट- चंदन भट्टाचार्य.

Published : August 23, 2026 at 8:45 PM IST
रांची :नई दिल्ली में आयोजित 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने बिहार को 5-1 से करारी शिकस्त दी. झारखंड की टीम अब 24 अगस्त को सेमीफाइनल में CISCE की टीम से भिड़ेगी.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में राज्य की टीम इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है. झारखंड का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की बालिका टीम कर रही है. टीम मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है.
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झारखंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और शानदार रणनीति के दम पर टीम ने बिहार पर लगातार दबाव बनाए रखा. झारखंड की ओर से मनीषा डुंगडुंग ने लगातार दो गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इसके बाद उषा कुमारी ने तीसरा गोल दागा. सबरनी कुमारी ने चौथा और पांचवां गोल कर झारखंड की जीत सुनिश्चित कर दी.
पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल के साथ बेहतरीन जुझारूपन दिखाया. टीम के डिफेंस से लेकर अटैक तक खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन किया और बिहार को वापसी का मौका नहीं दिया. 5-1 की शानदार जीत के साथ झारखंड ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया.
झारखंड टीम की इस उपलब्धि से राज्य के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है. सेमीफाइनल मुकाबला 24 अगस्त को CISCE की टीम के साथ खेला जाएगा. टीम की कोशिश अब फाइनल में जगह बनाने की होगी.
मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल, मेहनत और जुझारूपन की सराहना करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड का नाम रोशन करेगी.
18 से 27 अगस्त 2026 तक चलने वाले 65वें सुब्रतो कप में देश-विदेश की कुल 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता के मुकाबले नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम समेत दिल्ली-NCR के विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे हैं. झारखंड की टीम की लगातार सफलता ने प्रतियोगिता में राज्य की मौजूदगी को खास बना दिया है.
यह भी पढ़ें:
सुब्रतो कप का समापन: दक्षिणी छोटानागपुर और संथाल परगना बने चैंपियन
सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिताः फाइनलिस्ट तय, तीनों वर्गों में खिताब के लिए होगा मुकाबला
सुब्रतो कपः प्रतियोगिता के तीसरे दिन कोल्हान और संथाल प्रमंडल का दबदबा