तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव वाली पोस्ट को किया डिलीट, बोले- मेरे सोशल मीडिया अकाउंट को हैक किया
तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी चर्चा में बनी हुई है. अपने पोस्ट को लेकर उन्होंने अपना फेसबुक अकाउंट हैक होनी की बात कही है.
Published : May 25, 2025 at 7:53 AM IST
|Updated : May 25, 2025 at 9:07 AM IST
पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव शनिवार को अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहे. देर रात उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था और उस पर गलत पोस्ट डाला गया है. तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट पर बीते कल अनुष्का यादव नाम की एक लड़की के साथ तस्वीर पोस्ट की गई थी.
तेज प्रताप यादव का अकाउंट हुआ हैक:तेज प्रताप यादव के अकाउंट पर तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा गया था कि "हम दोनों पिछले 12 वर्षों से एक दूसरे को जानते हैं और प्यार करते हैं. हमलोग पिछले 12 वर्षों से एक रिलेशनशिप में रह रहे हैं." हालांकि कल रात में ही तेज प्रताप यादव ने इस खबर का खंडन करते हुए उनके अकाउंट के हैक हो जाने की बात कही है. उनका कहना है कि AI के माध्यम से गलत तस्वीर पोस्ट की गई है.
क्या कहता है तेज प्रताप का X पोस्ट: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए तेज प्रताप यादव ने लिखा है कि "मेरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को हैक कर मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट किया जा रहा है, जिससे मुझे और मेरे परिवार को परेशान और बदनाम किया जा रहा है. मैं अपने शुभचिंतकों और फॉलोअर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें."
तेज प्रताप के पोस्ट पर सियासत: तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट पर किए गए पोस्ट के बाद इस पर सियासत शुरू हो गई है. जीतनराम मांझी ने लालू यादव के परिवार पर निशाना साधते हुए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके दरोगा प्रसाद राय के परिवार के साथ नाइंसाफी की बात कही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जीतनराम मांझी ने एक पोस्ट शेयर किया है.
क्या कहता है जीतनराम मांझी का X पोस्ट: मांझी ने अपने पोस्ट के माध्यम से लालू प्रसाद के परिवार से पूछा कि 'दरोगा बाबू की पोती ऐश्वर्या के साथ जो लालू परिवार ने किया है, उसका बदला आने वाले चुनाव में बिहार की हर महिला लेकर रहेगी. तेज प्रताप जब किसी के साथ रिलेशनशिप में थें तो फिर किसी लड़की की जिन्दगी बर्बाद करने का अधिकार लालू परिवार को किसने दिया? कहीं ऐसा तो नहीं है कि किसी "सिन्हा" के चक्कर में लालू परिवार अनुष्का यादव की जिंदगी भी बर्बाद करवा दे? इसका जवाब लालू परिवार को देश के सामने देना होगा.'
तेज प्रताप के अकाउंट से कब हुआ पोस्ट: कल शाम 6:28 पर तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट अपलोड किया गया था. अनुष्का यादव नाम की एक लड़की के साथ तेज प्रताप यादव का फोटो था. जिसके कैप्शन में लिखा गया था कि "मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते है और प्यार भी करते हैं. हमलोग पिछले 12 सालों से एक रिलेशनशिप में रह रहें हैं. में बहुत दिनों से आपलोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं, इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं! आशा करता हू आपलोग मेरी बातों समझेंगे."
तेज प्रताप यादव की शादी: आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव शादीशुदा हैं. उन्होंने बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से 12 मई 2018 को पटना में धूमधाम से शादी की थी. इस हाई-प्रोफाइल शादी में बिहार के प्रमुख नेता शामिल हुए, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे.
तेज प्रताप और ऐश्वर्या के रिश्ते में तनाव: तेज प्रताप यादव की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय से हुई थी. शादी के छह महीने बाद ही दोनों के बीच रिश्तों में खटास आ गई. ऐश्वर्या ने राबड़ी आवास के बाहर दावा किया कि उनके साथ घर में उत्पीड़न और मारपीट हुई. मामला तलाक तक पहुंच गया और वर्तमान में यह पटना के फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है. इस वजह से तेज प्रताप और अनुष्का की शादी में कानूनी बाधाएं हैं और वो फिलहाल शादी नहीं कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें:
अनुष्का के साथ 12 साल से रिलेशनशिप में हैं लालू के लाल तेजप्रताप यादव, साझा की गर्लफ्रेंड की तस्वीर
राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेज प्रताप यादव पर घरेलू हिंसा का केस दर्ज
ऐश्वर्या राय ने कहा- मिले इंसाफ, 'राबड़ी देवी हों गिरफ्तार'
DSP पहुंचे राबड़ी आवास तब बनी बात, रात 1 बजे ऐश्वर्या के लिए खुले घर के द्वार