ETV Bharat / state

आज से कांग्रेस का 'जय जवान, जय किसान' अभियान का आगाज, लगेगी किसान चौपाल

author img

By

Published : Feb 14, 2021, 7:50 AM IST

'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत.
'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत.

रायबरेली में कांग्रेस रविवार से 'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत करने जा रही है. इस अभियान के तहत जिले भर के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसान चौपाल का भी आयोजन करेंगे.

रायबरेली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पार्टी रविवार से 'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत करने जा रही है. इस अभियान की रूपरेखा पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी ने तय की है. इस अभियान के तहत जिले भर के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसान चौपाल का आयोजन करेंगे.

'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत.

कांग्रेस का एकमात्र गढ़ रायबरेली
दरअसल कांग्रेस का एकमात्र गढ़ रायबरेली ही बचा है. कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी यहां से सांसद हैं. यही कारण है कि पार्टी हाई कमान के निर्देश पर यहां के तमाम अभियान की बागडोर खुद बड़े नेता अपने हाथों में लेते हैं. साथ भी पार्टी के अभियान को सफल बनाने की कवायद भी करते नज़र आते हैं.

'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत.
'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत.

पंचायत चुनाव में भी मिलेगा इसका लाभ
पंचायत चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस का यह अभियान बेहद कारगर नजर आ रहा है. जिले में कांग्रेस का संगठन हमेशा से मजबूत रहा है और यही कारण है सही तरीके से अभियान के संचालन होने पर निश्चित तौर पर पार्टी को पंचायत चुनावों में इसका फायदा मिलता दिख रहा है. पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देशन पर समूचे उत्तर प्रदेश में 'जय जवान जय किसान' अभियान की शुरुआत की जा चुकी है. रायबरेली में 14 फरवरी से इस अभियान को शुरू किया जाना है. अभियान के तहत जिले के सभी 15 ब्लॉकों में किसान चौपाल का आयोजन किया जाना है.

किसान चौपाल के बाद पैदल मार्च भी होगा आयोजित
जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि हम किसानों के बीच जाकर मोदी सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानून की असलियत भी उजागर करेंगे. किसान चौपाल के दौरान दिल्ली के आंदोलन में शहीद हुए किसानों के प्रति पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे. साथ ही किसानों को इस काले कानून के पीछे छुपे एजेंडे से भी रूबरू कराएंगे. इस दौरान सभी ब्लॉकों में किसान चौपाल लगाने के बाद पार्टी के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी पैदल मार्च भी करेंगे.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.