ETV Bharat / bharat

हिंदी में क्षमा शर्मा को मिलेगा साहित्य अकादमी बाल साहित्य पुरस्कार

author img

By

Published : Aug 24, 2022, 6:22 PM IST

साहित्य अकादमी ने हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार क्षमा शर्मा को बाल साहित्य पुरस्कार देने की घोषणा की है. उर्दू के लिए जफर कलामी और अंग्रेजी भाषा में अर्शिया सत्तार को यह अवार्ड प्रदान किया जाएगा.

kshama sharma
क्षमा शर्मा

नई दिल्ली : साहित्य अकादमी ने हिंदी के लिए क्षमा शर्मा, उर्दू के लिए ज़फर कलामी और अंग्रेजी के लिए अर्शिया सत्तार समेत 22 भाषाओं के लेखकों-लेखिकाओं को अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2022 दिए जाने की बुधवार को घोषणा की. अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने एक विज्ञप्ति में बताया, 'साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में अकादेमी के कार्यकारी मंडल की बुधवार को हुई बैठक में 22 (भाषाओं के) लेखकों को साहित्य अकादेमी बाल साहित्य पुरस्कार 2022 के लिए अनुमोदित किया गया.'

उन्होंने बताया कि हिंदी में लेखिका शर्मा को 'क्षमा शर्मा की चुनिंदा बाल कहानियां' के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. राव के मुताबिक, उर्दू में कमाली को उनके कविता संग्रह 'हौंसलों की उड़ान' तथा अंग्रेजी में अर्शिया सत्तार को उनके 'महाभारत फॉर चिल्ड्रन' के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि संस्कृत में कुलदीप शर्मा को उनके कविता संग्रह 'सचित्रम् प्रहेलिकाशतकम् (अभिनवसंस्कृतप्रहेलिका:)' के लिए, राजस्थानी में विश्वामित्र दाधीच उनके कविता संग्रह 'माछलयां रा आंसू' के लिए और बांग्ला में जय मित्र को उनके कहानी संग्रह 'चार पांच जोन बोंधु' के लिए पुरस्कृत किया जाएगा. साथ ही मराठी में संगीता बर्वे को उनके उपन्यास 'पियूची वही' के लिए सम्मानित किया जाएगा.

राव ने बताया, 'इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है' अकादमी के सचिव ने यह भी बताया कि पंजाबी भाषा में इस वर्ष पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है जबकि संथाली भाषा में पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी. विज्ञप्ति के मुताबिक, पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2020 के बीच पहली बार प्रकाशित हुई पुस्तकों पर विचार किया गया है. उसमें बताया गया है कि पुरस्कार के लिए चयनित लेखकों को इस साल 14 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा. उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 ,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी.

ये भी पढ़ें : FIR पोर्न साहित्य नहीं है, जिसमें चित्रमय विवरण दिए जाएं: इलाहाबाद हाईकोर्ट

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.