Chandrayaan 3 Landing: चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए चंडीगढ़ के मंदिर में हवन, CM ने भी की सफलता की कामना
चंडीगढ़: चंद्रयान- 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए देशभर में लोग हवन-पूजा और प्रार्थना कर रहे हैं. सभी देशवासी चंद्रयान- 3 की चांद पर सफल लैंडिंग के लिए मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे सभी जगहों पर प्रार्थना करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसरो के मिशन चंद्रयान- 3 की सफल लैंडिंग के लिए चंडीगढ़ में भी लोग अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम कर हवन-पूजा और प्रार्थना कर रहे हैं. इसी के तहत आज चंडीगढ़ के सेक्टर- 45 गौशाला के मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया. यहां पर लोग मंत्र उच्चारण के साथ हवन कुंड में आहुति डालकर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए भगवान से प्रार्थना करते नजर आए. यहां मंदिर में सुबह 10:00 बजे से लगातार लोग पहुंच रहे हैं और हवन कुंड में आहुति डालकर इसरो के इस मिशन को कामयाब बनाने के लिए भगवान से प्रार्थना करते हुए नजर आ रहे हैं. वहीं, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी चंद्रयान- 3 की सफल लैंडिंग की कामना की है. सीएम ने कहा है कि, हर भारतवासी के लिए गर्व और गौरव का क्षण है, हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहला कदम रखने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत द्वारा अंतरिक्ष में लगाई इस छलांग पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं. यह मिशन भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के उनके संकल्प को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा. बता दें कि, हरियाणा सरकार की ओर से भी स्कूलों में आज शाम चंद्रयान-3 की लैंडिंग को लाइव दिखाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं. ताकि बच्चे और हमारे देश के भविष्य के निर्माता देश की इस उपलब्धि के साक्षी बना सकें. इसके साथ ही विभिन्न कॉलेज और विश्वविद्यालय में भी इस कार्यक्रम को लाइव दिखाने के इंतजाम किए गए हैं.