ETV Bharat / business

India US Trade : भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बना अमेरिका, चीन दूसरे स्थान पर

author img

By

Published : Apr 16, 2023, 5:27 PM IST

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2022-23 में 7.65 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 128.55 अरब डॉलर का हो गया.वहीं, भारत -चीन व्यापार में गिरावट आई है.

India US Trade
भारत- अमेरिका व्यापार

नई दिल्ली : अमेरिका बीते वित्त वर्ष 2022-23 में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है. दोनों देशों के बीच इस दौरान 128.55 अरब डॉलर का व्यापार हुआ. यह बताता है कि दोनों देशों में आर्थिक संबंध और मजबूत हो रहे हैं. विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका से द्विपक्षीय व्यापार बढ़ने का चलन आगामी वर्षों में जारी रहेगा. इसके साथ ही, भारत और अमेरिका आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

अमेरिका के साथ 3 साल के व्यापारिक आकड़ें : वाणिज्य मंत्रालय के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2022-23 में 7.65 फीसदी वृद्धि के साथ 128.55 अरब डॉलर का हो गया. इससे पिछले वित्त वर्ष (2021-22) में दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 119.5 अरब डॉलर रहा था, वहीं 2020-21 में यह सिर्फ 80.51 अरब डॉलर था.

भारत -चीन व्यापार में 1.5 फीसदी गिरावट : आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 में भारत से अमेरिका में निर्यात 2.81 फीसदी वृद्धि के साथ 78.31 अरब डॉलर हो गया. जो 2021-22 में 76.18 अरब डॉलर था. भारत में अमेरिका से आयात इस दौरान 16 फीसदी वृद्धि के साथ 50.24 अरब डॉलर हो गया. वहीं दूसरी तरफ 2022-23 में भारत-चीन में व्यापार 1.5 फीसदी गिरावट के साथ 113.83 अरब डॉलर का रह गया, जो इससे पिछले वर्ष 115.42 अरब डॉलर था.

भारत से चीन के लिए 2022-23 में निर्यात 28 फीसदी गिरावट के साथ 15.32 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात 4.16 फीसदी वृद्धि के साथ 98.51 अरब डॉलर हो गया. भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा 2022-23 में बढ़कर 83.2 अरब डॉलर हो गया, जो इससे पिछले साल 72.91 अरब डॉलर था.

(पीटीआई- भाषा)

पढे़ं : India China Trade Relations : सीमा पर तनाव, फिर भी फल-फूल रहा भारत-चीन का कारोबार

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.