हरिद्वार में विवाहिता समेत 2 लोगों ने की आत्महत्या, पंतनगर यूनिवर्सिटी के छात्र ने किया सुसाइड
हरिद्वार में दो और रुद्रपुर में एक समेत 3 लोगों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 8, 2025 at 8:07 PM IST
हरिद्वार/रुद्रपुर: एक ही दिन में आत्महत्या के 3 अलग-अलग मामले सामने आए. हरिद्वार में टिहरी विस्थापित कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता ने अपनी जान दे दी. वहीं हिल बाइपास मार्ग पर भी एक शव मिला है. नवविवाहिता की मौत के मामले में परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. उधर, रुद्रपुर में पंतनगर यूनिवर्सिटी के छात्र ने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
शादी में जाने की अनुमति न मिलने से थी नाराजगी: टिहरी विस्थापित कॉलोनी में आत्महत्या करने वाली विवाहिता की पहचान अंजलि शर्मा पत्नी जितेंद्र शर्मा निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया. उधर मृतका के परिजनों का आरोप है कि अंजलि की हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है.
बताया गया कि अंजलि की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी. उसका पति पेशे से चालक है. पुलिस के मुताबिक, अंजलि अपने चाचा के लड़के की शादी में जाना चाहती थी, लेकिन पति ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए उसे शादी में जाने से मना कर दिया. एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर खूब झगड़ा भी हुआ था. रात को खाना खाने के बाद दोनों सोने चले गए थे. पति जब घर से बाहर गया तो अंजली ने आत्महत्या कर ली.
ससुर धर्मेंद्र शर्मा द्वारा ही पुलिस को सूचना दी गई. रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है.
पेड़ के पास मिला शव: उधर, नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिल बाईपास मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक पेड़ के पास युवक का शव मिला. शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई. राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है. नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं.
पंतनगर विवि के छात्र ने की आत्महत्या: उधर, पंतनगर कृषि विश्विद्यालय के रजत जयंती छात्रावास में अज्ञात कारणों के चलते बीटेक तृतीय वर्ष (सिविल इंजीनियरिंग) के छात्र ने आत्महत्या कर ली. जैसे ही मामले की सूचना विश्वविद्यालय को लगी, प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में विश्वविद्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
कृषि विश्विद्यालय पंत नगर के बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र ने अज्ञात कारणों के कारण आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए देर शाम शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, अक्षत नाम का युवक विश्विद्यालय में बीटेक तृतीय का छात्र था. आज सुबह जब उसके साथी उसे बुलाने के लिए कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजे को झटका देकर तोड़ दिया. सामने अक्षत अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था. दोस्तों ने इसकी जानकारी उसके मौसी के बेटे और विश्वविद्यालय प्रबंधन को दी.
सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहा था. मृतक अक्षत सैनी उम्र 20 वर्ष निवासी संजय गांधी कॉलोनी रुड़की का निवासी था. पुलिस टीम को कमरे से उसकी डायरी भी मिली, जिससे वह डिप्रेशन का शिकार होना प्रतीत मालूम हुआ.
पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि कमरे की तलाशी में एक डायरी भी मिली, जिसमें वह स्वयं ही प्रश्नों के जवाब भी खुद ही दे रहा है. मृतक के मौसेरे भाई ने बताया कि वह कुछ समय से डिप्रेशन की दवा ले रहा था. मामला प्रथम दृष्टियां आत्महत्या का है. मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:

