ETV Bharat / state

मंदसौर में फार्म हाउस में MD ड्रग्स बनाने का काला कारोबार, छापा पड़ते ही पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग

मंदसौर में फार्म हाउस पर चल रही एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़ी. मौके से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स और करीब 300 किलो केमिकल बरामद.

MD DRUGS FACTORY OPERATE FARMHOUSE
फार्म हाउस पर चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 2, 2026 at 7:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंदसौर: अफीम उत्पादक जिले मंदसौर के स्मगलरों ने अब अफीम, हीरोइन और ब्राउन शुगर जैसे खतरनाक मादक पदार्थों के अलावा एमडी ड्रग्स तैयार कर रहे हैं. खेतों में फैक्ट्री लगाकर बड़े पैमाने पर इस नए ड्रग्स को बनाकर देश दुनिया में सप्लाई करने का काम कर रहे हैं.

शुक्रवार की शाम जब मंदसौर पुलिस का अमला ग्राम मानपुर के एक फार्म हाउस पर बनी एमडी फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई करने पहुंचा तो स्मगलरो ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और वे मौके से फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने फैक्ट्री से खतरनाक मादक पदार्थ और केमिकल समेत एमडी बनाने के उपकरण, औजार जब्त कर लिए.

फार्म हाउस पर चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा

एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया, "पुलिस की स्पेशल टीम ने सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर के एक फार्म हाउस पर अचानक दबिश दी. 4 थाना प्रभारी और करीब 15 पुलिस जवानों ने आधी रात के वक्त फार्म हाउस पर चल रही इस फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की. फार्म हाउस और एमडी फैक्ट्री के मालिक दिलीप गायरी और गोविंद गायरी के अलावा उसके साथी पिंटू सिंह सिसोदिया ने पुलिस अमले पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस के अमले ने फैक्ट्री को चारों तरफ से घेर कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की लेकिन तीनों आरोपी रात के अंधेरे में खेतों में फरार हो गए."

एमडी ड्रग्स के साथ 300 किलो केमिकल जब्त (ETV Bharat)

एमडी ड्रग्स के साथ 300 किलो केमिकल जब्त

एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया, "छापेमारी के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स और एमडी बनाने के केमिकल को जब्त कर लिया. इसी केमिकल के जरिए एमडी ड्रग्स तैयार किया जाता है. मौके से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स और करीब 300 किलो केमिकल बरामद किया है. जिससे भारी मात्रा में लगभग 100 से 150 किलो एमडी ड्रग्स बनाया जा सकता था. फैक्ट्री से आधुनिक तरह के उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनके जरिए आरोपी रात के वक्त इस काले कारोबार को कर रहे थे."

MANDSAUR POLICE ACTION MD DRUGS
पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके भागे तीनों आरोपी (ETV Bharat)

तीनों फरार आरोपियों की तलाश जारी

एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया, " आधी रात के वक्त हुई इस कार्रवाई में हालांकि तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए लेकिन पुलिस ने फैक्ट्री के तमाम सामान को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई शुरू कर दी है. फार्म हाउस का मालिक दिलीप और उसका भाई गोविंद गायरी दोनों ही लंबे समय से अपने खेत पर बनी इस टपरी नुमा फैक्ट्री में एमडी बनाने का काम कर रहे थे.

इन आरोपियों के कनेक्शन राजस्थान के तस्कर पिंटू सिंह से मिलने की भी बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह दोनों तस्कर भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स ड्रग्स बनाकर राजस्थान और उत्तरी राज्यों में हरियाणा के अलावा पंजाब में सप्लाई कर रहे थे. तीनों फरार आरोपियों की मध्य प्रदेश और राजस्थान में तलाश जारी है."