खराब सड़कें, अधूरे विकास कार्य और मूलभूत सुविधाओं की कमी, जनप्रतिनिधियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, एसडीएम ने दिया भरोसा
एसडीएम से चर्चा के बाद 10 दिनों में काम शुरू कराने का भरोसा मिला है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 6, 2026 at 12:42 PM IST
|Updated : August 6, 2026 at 1:25 PM IST
एमसीबी: खोंगापानी नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश एक बार फिर खुलकर सामने आया. खराब सड़कों, अधूरे विकास कार्यों और सुविधाओं की कमी से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षदों ने नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करने का ऐलान कर दिया. हालांकि प्रशासन के दखल और 10 दिनों के भीतर काम शुरू कराने के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है.
एसडीएम ने ली बैठक
तालाबंदी की सूचना मिलने पर मनेन्द्रगढ़ एसडीएम लिंगराज सिदार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे. उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेंडिंग विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने और मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की.
जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने बताया की नगर पंचायत क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं. सड़क पर बने गड्ढों से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई विकास कार्य लंबे समय से अटके हैं. जनता में भी प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
हमारी छोटी छोटी मांगें हैं, जैसे सड़क बनवाना, सड़क के गड्ढे भरवाना, कीटनाशक दवाई का छिड़काव कराना, उसके लिए एसडीएम ने आश्वासन दिया है-ललिता यादव, अध्यक्ष, नगर पंचायत खोंगापानी
जनप्रतिनिधियों ने यह भी याद दिलाया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने इन्हीं समस्याओं को लेकर सड़क पर बने गड्ढे में बैठकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया था. उस समय भी प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया था, लेकिन उसके बावजूद हालात में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ. लगातार अनदेखी के कारण इस बार नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी का निर्णय लिया गया.

एसडीएम ने दिया आश्वासन
लंबी चर्चा के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क मरम्मत सहित सभी आवश्यक विकास कार्यों की शुरुआत 10 दिनों के भीतर कर दी जाएगी. एसडीएम लिंगराज सिदार ने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश जारी किए जाएंगे और तय समय सीमा में कार्य प्रारंभ कराया जाएगा.
अमृत मिशन को भी लेटर दिया गया है, वे काम कर रहे हैं और सड़क के गड्ढे भरा रहे हैं. जो बड़े बड़े गड्ढे हैं, उसके लिए भी लेटर दिया गया है, वो काम नहीं हुआ तो नगर पंचायत काम करा रहा है. दवाई का छिड़काव और नाली की सफाई भी कराई जा रही है-अंजना वाईक्लिक, सीएमओ
हमने कार्ययोजना बनाई है, कि जो सड़क है, उसको ठीक करेंगे. समन्वय की कुछ दिक्कत होती है. वर्तमान बैठक से लग रहा है कि अच्छा समन्वय बनेगा और अच्छा काम किया जाएगा-लिंगराज सिदार, एसडीएम मनेन्द्रगढ़
काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षदों ने फिलहाल तालाबंदी का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. साथ ही नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी सहित व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.


