ETV Bharat / state

Tigress Attack : टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघ मित्र पर बाघिन का हमला, हाथ-पैर में गंभीर चोट

राजवीर मीणा कैमरे की निगरानी के लिए मचान पर चढ़ने लगे, तभी बाघिन ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

Tiger Attack in Dholpur
जिला अस्पताल में भर्ती बाघ मित्र राजवीर मीणा (ETV Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 26, 2026 at 6:09 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धौलपुर: जिले के सरमथुरा वन क्षेत्र के रिझोनी गांव के निकट शुक्रवार को टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघिन टी-117 ने एक बाघ मित्र पर हमला कर दिया. हमले में बाघ मित्र राजवीर सिंह मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके हाथ-और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. घायल को वन विभाग के कर्मचारियों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह है पूरा मामला : बाघ मित्र राजवीर सिंह मीणा और सोनू मीणा रोजाना की तरह रिझोनी वन क्षेत्र में टाइगर ट्रैकिंग कर रहे थे. इसी दौरान बाघिन टी-117 पास ही मौजूद थी, लेकिन दोनों को उसका आभास नहीं हो सका. जब राजवीर मीणा कैमरे की निगरानी के लिए मचान पर चढ़ने लगे, तभी बाघिन ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान साथ मौजूद बाघ मित्र सोनू मीणा ने साहस दिखाते हुए डंडे से बाघिन का मुकाबला किया, जिससे बाघिन वहां से भाग गई.

पढ़ें : रणथंभौर में फलोदी रेंज के पास बाघ का हमला, दो लोग हुए घायल

हालांकि, तब तक राजवीर मीणा गंभीर रूप से घायल हो चुके थे. घायल राजवीर को पहले सरमथुरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जांघ में गहरे घाव होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल बाघ मित्र का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. उनके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, तथा उनकी हालत में सुधार हो रहा है. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे लापरवाही सामने आई है. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी.

पढ़ें : 'गंध से पकड़ा टाइगर': सरिस्का में गाइड की सूझबूझ से 100 मीटर में दिखे 6 बाघ, एसटी-18, एसटी-19 और 4 शावकों ने की अठखेलियां

वन्यजीवों का बढ़ रहा कुनबा : धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों की संख्या लगातार बढ़ रही है. सरमथुरा के डांग क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रिय मौजूदगी अक्सर देखी जाती है. वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में वर्तमान में 4 से 5 बाघ विचरण कर रहे हैं. इसके अलावा पैंथर, भालू, जरख सहित अन्य वन्यजीव भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं.