15 लाख की ब्राउन शुगर के साथ छह ड्रग पेडलर गिरफ्तार, देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
देवघर पुलिस ने 15 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ छह ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है.

Published : June 11, 2026 at 7:46 PM IST
देवघर: नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुरुवार को जसीडीह थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर और 63 हजार रुपये नकद के साथ छह ड्रग पेडलरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है.
देवघर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जसीडीह रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक धर्मशाला के पास कुछ तस्कर ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद सभी को जसीडीह थाना लाकर पूछताछ की गई.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के धंधे से जुड़े हुए हैं. उनके पास से बरामद ब्राउन शुगर को छोटे-छोटे पैकेटों में बांटकर शहर के युवाओं के बीच खपाने की योजना थी. पुलिस की सतर्कता के कारण यह खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई. गिरफ्तार आरोपियों में जामताड़ा निवासी गुल अहमद और इस्माइल अंसारी के अलावा देवघर और मधुपुर के करौं क्षेत्र के अन्य आरोपी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गुल अहमद पूर्व में भी नशे के कारोबार में संलिप्त रहा है और उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं गिरफ्तार महिला की पहचान खुशबू देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसका पति सिकंदर महतो भी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा रहा है और इस मामले में कई बार जेल जा चुका है.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 10 जून से 26 जून तक जिले में नशा उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और प्रतिदिन नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो रही है. उन्होंने कहा कि देवघर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखेगी. लगातार हो रही गिरफ्तारी से नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी चोट पहुंच रही है और उनके हौसले पस्त हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें:
देवघर पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ मिली सफलता, ई-कॉमर्स प्रतिनिधि बनकर लगाते थे लोगों को चूना
देवघर में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिहार से झारखंड आता था नशे का कारोबार करने
पति ही निकला पत्नी का कातिल, देवघर में चाय दुकान संचालिका हत्याकांड का खुलासा

