दिल्ली-एनसीआर में बारिश पर ब्रेक, तेज धूप से बढ़ेगी गर्मी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान साफ रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं है.

Published : September 22, 2026 at 7:49 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई के लिए मौसमी परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं. पिछले कुछ दिनों से राजधानी में तापमान बढ़ रहा है और नमी घट रही है. इसके कारण मौसम धीरे- धीरे शुष्क हो रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज मंगलवार (22 सितंबर) को पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि दिल्ली में बारिश के कोई आसार नहीं हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.2 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.1 डिग्री अधिक है.
आज आसमान रहेगा साफ
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को आसमान साफ रहने वाला है और दिन में धूप रहेगी, लेकिन रातें सुहावनी होने वाली हैं. इस पूरे हफ्ते मौसम शुष्क रहने का ही अनुमान है. इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. रात के समय में तापमान में गिरावट शुरू होने से रात को थोड़ी ठंड बढ़ेगी. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात में तापमान में थोड़ी गिरावट आने लगी है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है. आंशिक रूप से बादलों की आवा-जाही के बीच हर रोज तेज धूप निकलती रहेगी. इस दौरान दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है. इससे रात, दिन के मुकाबले आरामदायक होने लगेगी. अक्टूबर में यह गिरावट बढ़ती जाएगी, जिससे रात में हल्की ठंडक महसूस होगी.
दिल्ली में AQI का हाल
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह 7 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 117 अंक पर बना हुआ है, जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 108, गुरुग्राम में 133, गाजियाबाद में 115, ग्रेटर नोएडा में 122 और नोएडा में 118 अंक पर बना हुआ है. दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच में बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 100 से नीचे बना हुआ है
ये भी पढ़ें:

