ETV Bharat / state

विधायक रफीक खान का आरोप, 'भाजपा प्रत्याशी ने की सैंकड़ों कांग्रेस समर्थकों के वोट काटने की सिफारिश'

कांग्रेस विधायक रफीक खान ने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के इशारे पर एक विशेष समुदाय को टारगेट किया जा रहा है.

Rafeek Khan speaking to the media
मीडिया से बात करते रफीक खान (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 17, 2026 at 6:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश में चल रहे मतदाता गहन विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के बीच ही कांग्रेस ने जहां अपने परंपरागत वोट बैंक माने जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने के आरोप लगाकर भाजपा के साथ ही चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़े किया है. पूर्व सीएम अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक और आदर्श नगर से कांग्रेस विधायक रफीक खान ने भी चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रफीक खान ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है. अगर जरूरत पड़ी तो हम चुनाव आयोग के खिलाफ भी हाईकोर्ट जाएंगे.

रफीक खान ने शनिवार को अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि, 'मेरे विधानसभा क्षेत्र आदर्श नगर में भाजपा ने अपने ही बीएलए और बीएलओ पर अनावश्यक दबाव बनाकर अल्पसंख्यकों और दलित वर्ग के वोट काटने को कहा है. जब बीएलओ और बीएलए ने ऐसा करने से मना कर दिया, तो कार्रवाई करने की धमकी दी जा रही है.'

पढ़ें: SIR में आरोप: गहलोत की सरदारपुरा और सालेह की पोकरण सीट से काट रहे अल्पसंख्यकों के नाम

दावा-500 से 700 नाम काटने की सिफारिश: रफीक खान ने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के जयपुर दौरे के बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन कार्यालय खोले गए और चुनाव अधिकारी को हजारों की तादाद में फार्म 7 दिए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि फार्म 7 सुपरवाइजर और बीएलओ को देने के निर्देश दिए गए. जबकि नियमों के मुताबिक बूथ लेवल ऑफिसर एक दिन में 10 ही नाम कटवाने या जोड़ने की सिफारिश कर सकता है. लेकिन एक दिन में 500 से लेकर 700 नाम काटने की सिफारिश बीएलओ के नाम से की गई है. उन्होंने कहा कि उन चुनाव अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने बिना वेरिफिकेशन के फॉर्म 7 लेकर रख लिए. रफीक खान ने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के इशारे पर एक कम्यूनिटी को टारगेट करने के लिए इस तरह के हथकड़े अपनाए जा रहे हैं.

पढ़ें: गहलोत बोले- वोट चोरी जनादेश पर डकैती डालने का प्रयास, एफआईआर दर्ज हो

'भाजपा के बीएलए बोले, हमारे साइन नहीं': प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बीएलए नईमुद्दीन और साबिर अहमद भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि वे भाजपा के बीएलए हैं और उनके फर्जी हस्ताक्षर से 400-500 लोगों के वोट काटने की सिफारिश कर दी गई, जबकि फार्म 7 पर उनके हस्ताक्षर नहीं है. वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे. रफीक खान ने कहा कि मेरे सामने चुनाव लड़े भाजपा प्रत्याशी रवि नैयर मालवीय नगर के वोटर हैं, लेकिन उन्होंने घाटगेट और कई अन्य इलाकों में फॉर्म पर हस्ताक्षर कर कांग्रेस विचारधारा के वोट कटवाने की सिफारिश की है. जरूरत पड़ी तो हम रवि नैयर के खिलाफ भी कोर्ट का दरवाजा खटखटा आएंगे और उन्हें सजा दिलाएंगे.