मोहन यादव की योग साधना, चुटकियों में कर डालते हैं कठिन से कठिन आसन
मध्य प्रदेश की राजनीति में मोहन यादव अकेले ऐसे मुख्यमंत्री होंगे, जो कठिन से कठिन योगाभ्यास चुटकियों में और बेहद सहजता से कर जाते हैं.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 21, 2025 at 4:29 PM IST
भोपाल: शीर्षासन राजनीति में हो या फिर योगाभ्यास में, जिसने संतुलन बिठा लिया उसके हर दांव पर जीत लिखी होती है. हंसते मुस्कुराते सियासी दांव खेल में माहिर मोहन यादव मध्य प्रदेश की राजनीति में अकेले ऐसे मुख्यमंत्री होंगे जो कठिन से कठिन योगाभ्यास चुटकियों में और बेहद सहजता से कर जाते हैं.
बीजेपी शासित राज्यों में भी मोहन यादव जैसे योग साधक मुख्यमंत्री गिनती के ही होंगे. केवल सूर्य नमस्कार नहीं, मयूरासन, बकासन, शीर्षासन जैसे कठिन आसन भी मोहन यादव बेहद आसानी से कर लेते हैं. हालांकि हिट माइंड एंड फिट बॉडी रखने वाले नेताओं में मध्य प्रदेश से मोहन यादव के बाद कैलाश विजयवर्गीय और शिवराज सिंह चौहान का भी नाम आता है.
राजनीति को आसान बनाते हैं योग के आसन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पिछले दिनों जब बीजेपी के अभ्यास वर्ग में थे. तब इसी अभ्यास वर्ग का उनका एक वीडियो वायरल हुआ. जिसमें डॉ मोहन यादव शीर्षासन करते हुए दिखाई देते हैं. हाथों के बूते धीरे-धीरे सिर के बल जमीन पर खड़े होने वाले शीर्षासन योग के उन आसनों में से हैं जो सबसे मुश्किल कहा जाता है.

अभ्यास वर्ग के दौरान जब सीएम डॉ मोहन यादव योगासन कर रहे थे तब उनके नजदीक ही खड़े बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने शाबाशी देते हुए कहा कि बहुत अच्छा. हाथों की पकड़ मजबूत हो तब ये आसन कर पाते हैं और इसके बाद खुद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत बाकी सारे नेता ठहाका लगाकर हंस पड़े.
राजनीति में भी बिठाया संतुलन
मोहन यादव ने राजनीति में भी जब मुख्यमंत्री की जवाबदारी संभाली तो उनके लिए ये कुर्सी सियासत के शीर्षासन से कम नहीं थी. वजह केन्द्रीय स्तर के मंत्री रहे नेता जो राजनीति अनुभव में भी उनसे सीनियर हैं, वे उनकी कैबिनेट का हिस्सा बने. लेकिन शीर्षासन को आसानी से साध लेने वाले मोहन यादव ने राजनीति में भी संतुलन बिठा ही लिया.

योग इंस्ट्रक्टर श्रध्दा दुबे बताती हैं कि "योगाभ्यास करने वाला कोई भी व्यक्ति जो इसमें पारंगत है और नियमित अभ्यास करता है वो ना केवल शारीरिक रुप से ह्रष्ट पुष्ट रहता है बल्कि मानसिक रुप से उसकी मजबूती कहीं ज्यादा होती है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तो बेहद मुश्किल कहे जाने वाले योग के आसन भी बेहद आसानी से और पूरे संतुलन के साथ कर लेते हैं."
परमार्थ देव के मार्गदर्शन में ली योग की शिक्षा
सीएम डॉ मोहन यादव ने अपनी सारी व्यस्तताओं के बावजूद एक नियमित योगी की तरह कुछ समय योगाभ्यास के लिए देते हैं. योग साधक डॉ मोहन यादव ने स्वामी रामदेव के शिष्य परमार्थ देव के मार्गदर्शन में योग की शिक्षा ली है. फिलहाल उन्हें मध्य प्रदेश का इकलौता मुख्यमंत्री कहा जा सकता है जो योग में होने वाले तमाम कठिन आसन भी बेहद आसानी से कर लेते हैं. जिसमें शीर्षासन के अलावा मयूरासन, काकासन, बकासन, वृक्षासन जैसे मुश्किल आसन करने में भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं होती.
मोहन यादव की तरह बघेल का भी योगाभ्यास कमाल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जब-जब सार्वजनिक मंच पर योगाभ्यास किया, उनके योग आसान परफेक्ट की श्रेणी में कहे जा सकते हैं. आम तौर पर तो योग शिविर में सूर्य नमस्कार ही होता है लेकिन पचमढ़ी में विधायकों, सांसदों के प्रशिक्षण वर्ग में जब योग की क्लास लगाई गई वहां सीएम डॉ मोहन यादव ने जिस तरह से आसन किया तो उनकी ही कैबिनेट के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के लिए सीएम मोहन यादव मिसाल बन गए.
वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश हिंदुस्तानी कहते हैं "सीएम डॉ मोहन यादव की तरह ही छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी योग के साधक हैं. वे भी शीर्षासन और चक्रासन जैसे कठिन आसन आराम से कर लेते हैं. वे कहते हैं पंडित जवाहर लाल नेहरू भी सहजता से शीर्षासन कर लिया करते थे."
- 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, अटल पथ पर मोहन यादव का योग संगम
- सतना में 14 साल की रबर की गुड़िया, इनके योगासन देख दांतों तले उंगलियां दबा लेते हैं लोग
'योग को ग्लोबल पार्टनरशिप का बनाएं माध्यम'
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि "दुनिया के कई क्षेत्रों में अशांति का दौर है लेकिन योग से हमें शांति मिलती है. विश्व समुदाय से अनुरोध है कि योग को ग्लोबल पार्टनरशिप का माध्यम बनाएं. आज योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान दिलाने के लिए प्रयास जारी हैं. योग को आगे बढ़ाने में डिजिटल टेक्नोलॉजी ने भी अहम भूमिका निभाई है. आज हील इन इंडिया का मंत्र दुनिया में पहुंच रहा है और इसमें भी योग की बड़ी भूमिका है.
देशभर में आयुष्मान योग मंदिरों में प्रशिक्षित योग टीचर तैनात किए जा रहे हैं. हमारा प्रयास दुनिया को योग का फायदा देने का है. बढ़ता मोटापा दुनिया के लिए बड़ी चुनौती है."

