दिल्ली

delhi

राष्ट्रपति चुनाव: द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे चरण की मतगणना में जीत के लिए जरूरी मत हासिल किए

By

Published : Jul 21, 2022, 7:23 AM IST

Updated : Jul 21, 2022, 10:06 PM IST

राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के तीसरे राउंड में ही एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने जीत के लिए जरूरी 50% से ज्यादा वोट हासिल कर लिए हैं. मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित हो गई हैं. उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को अधिक मतों के अंतर से हराया. बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हुआ था.

राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम
राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम

नई दिल्ली :राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना संपन्न हो गई है. एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 15वें राष्ट्रपति चुनाव का विजेता घोषित किया गया. द्रौपदी मुर्मू भारत की नई राष्ट्रपति होंगी. द्रौपदी मुर्मू ने प्रथम वरीयता के 2824 मत हासिल किए, जिनकी वैल्यू 6,76,803 है. वहीं, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिनकी वैल्यू 3,80,177 है.

इससे पहले, तीसरे राउंड की मतगणना के बाद ही द्रौपदी मुर्मू ने जीत के लिए जरूरी 50% से ज्यादा वोट हासिल कर लिए हैं. द्रौपदी मुर्मू को तीसरे दौर की मतगणना के बाद यशवंत सिन्हा के 2,61,062 मत के मुकाबले अब तक 5,77,777 मत मिले.

वहीं, दूसरे राउंड की मतगणना के बाद मुर्मू को 1349 वोट मिले और यशवंत सिन्हा को 537 वोट मिले. निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि दूसरे राउंड में पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम में गणना की गई- कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है. इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनका मूल्य 1,05,299 है, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार को यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनका मूल्य 44,276 है.

पहले राउंड में सांसदों की मतों की गिनती की गई, जिसमें सांसदों के कुल 748 मतों में से एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 540 मत मिले, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 208 मत मिले. निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 15 सांसदों के वोट अमान्य पाए गए. अधिकारियों ने बताया कि इस राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्येक सांसद के मत का मूल्य 700 है और मुर्मू को मिले कुल मतों का मूल्य 5,23,600 है, जो कि सांसदों के कुल वैध मतों का 72.19 प्रतिशत है, यह उनके पक्ष में 'क्रॉस वोटिंग' किए जाने का संकेत देता है. दूसरी ओर, सिन्हा के कुल मतों का मूल्य 1,45,600 था, जो कुल वैध मतों का 27.81 प्रतिशत है. अधिकारियों ने बताया कि मतगणना के दूसरे दौर में विधायकों के मतों की गिनती शुरू हो गई है. इसके बाद विजयी प्रत्याशी का ऐलान किया जाएगा.

आज सुबह 11 बजे से संसद भवन में मतगणना शुरू हुई. उससे पहले सभी राज्यों से बैलेट बॉक्स से मतपत्रों को निकाला गया और उन्हें छांटकर रखा गया. मतपत्रों की छंटाई के बाद संसद परिसर में वोटों की गिनती शुरू हुई. सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से द्रौपदी मुर्मू जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं. मुर्मू की जीत की काफी संभावना जतायी जा रही है. यदि वह जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी.

बैलेट बॉक्स से मतपत्रों की छंटाई

वहीं, राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में द्रौपदी मुर्मू को बढ़ते मिलने के बाद से ही जश्न शुरू हो गया है. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दिल्ली में लोक कलाकारों के साथ जश्न में शामिल हुए. इस दौरान आदिवासी नृत्य का आयोजन किया गया.

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने से न केवल आदिवासी, बल्कि देश में सभी को गर्व की अनुभूति होगी. मुझे पता चला है कि सभी प्रमुख आदिवासी नेता राष्ट्रपति बनने की संभावना वाले नए लोगों का अभिवादन करने के लिए दिल्ली आएंगे. दूसरी तरफ द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं. ओडिशा के रायरंगपुर में स्थित द्रौपदी मुर्मू के गांव में लोग लड्डू की तैयारी में जुट गए हैं. वहीं, मुर्मू के पैतृक गांव में लोग जश्न मना रहे हैं.

देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे. सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं. चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं. इस कक्ष में मतपत्रों की चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है. चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पी.सी. मोदी आज मतगणना की निगरानी करेंगे. शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है. मोदी पहले सांसदों के सभी मतों की गिनती के बाद चुनावी रुझानों के बारे में जानकारी देंगे और फिर 10 राज्यों के वोटों की वर्णानुक्रम में गिनती के बाद फिर से जानकारी साझा करेंगे.

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन समेत 31 स्थानों और विधानसभाओं के भीतर 30 केंद्रों पर सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच मतदान हुआ था. कई राज्यों में मुर्मू के पक्ष में 'क्रॉस वोटिंग' होने की खबरें भी आई थीं. राष्ट्रपति चुनाव में सदस्यों को व्हिप जारी नहीं किया जाता. मनोनीत सांसदों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा व राज्य सभा के सदस्य और सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करते हैं.

यह भी पढ़ें- यशवंत सिन्हा बनाम द्रौपदी मुर्मू: भारत के सांसदों, विधायकों ने 15वें राष्ट्रपति के लिए किया मतदान

राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे. इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते. निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार को हुए मतदान के दौरान 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपना वोट डाला. भारतीय जनता पार्टी के सांसद सनी देओल और संजय धोत्रे समेत आठ सांसद मतदान नहीं कर पाए. देओल मतदान के दौरान इलाज के लिए विदेश गए हुए हैं जबकि धोत्रे आईसीयू में भर्ती हैं.

सोमवार को भाजपा और शिवसेना के दो-दो, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के एक-एक विधायक ने मतदान नहीं किया. कोविंद ने वर्ष 2017 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल 10,69,358 में से 7,02,044 वोट पाकर जीत हासिल की थी. उनकी प्रतिद्वंद्वी मीरा कुमार को केवल 3,67,314 वोट मिले थे.

Last Updated :Jul 21, 2022, 10:06 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details