पंचकूला में महिलाओं से लूट, झपटा मारकर सोने की बालियां छीनी, सीसीटीवी में कैद वारदात
पंचकूला में तीन बदमाशों सैर कर रही दो महिलाओं के कानों से बालियां खींचकर फरार हो गए. बालियां खिंचने से महिलाएं लहूलुहान हो गईं.
Published : August 22, 2026 at 9:22 AM IST
पंचकूला: शुक्रवार को तीन झपटमारों ने सैर करती दो महिलाओं को निशाना बनाया. झपटमार उनसे सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं. इस वारदात के बाद से पीड़ित महिलाएं डरी हुई हैं और आसपास के लोग भी हैरान हैं.
शोर मचाने पर मुंह दबाया और ले गए बालियां: झपटमारों ने इस वारदात को पंचकूला के गांव सकेतड़ी-कैंबवाला रोड पर अंजाम दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की अल सुबह दो महिलाएं घर से उक्त सड़क पर सैर कर रही थी. सुनसान सड़क पर उन्हें सैर करता देख पीछे से तीनों युवक दौड़कर उनके पास पहुंचे और फिर उन्हें गले से पकड़कर नीचे गिरा दिया. महिलाओं ने शोर मचाया तो झपटमारों ने उनका मुंह दबा दिया, ताकि कोई शोर सुन न सके. इसके बाद झपटमार महिलाओं से उनके कानों से बालियां छीनकर मौके से फरार हो गए.
सीसीटीवी में वारदात कैद: झपटमारों ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया, यह पूरी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. वीडियो फुटेज में साफ देखा जा रहा है कि दो महिलाएं आपस में बातचीत करते हुए सैर कर रही थी. उसी दौरान तीन अज्ञात झपटमार पीछे से आकर महिलाओं को पकड़कर नीचे गिर देते हैं और फिर उनकी सोने की बालियां छीनकर फरार होते हुए भी कैमरों में दिखाई दे रहे हैं. हैरानीजनक यह है कि झपटमारों ने पूरी वारदात को महज 15 सेकंड में अंजाम दे डाला लेकिन पुलिस अब तक उनका कोई सुराग नहीं तलाश सकी है.
वारदात से क्षेत्र में डर का माहौल: झपटमारों के फरार होने के दौरान महिलाओं के शोर को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिस दौरान पीड़ित महिलाओं ने अपने परिजनों से संपर्क कर उन्हें उनके साथ हुई वारदात के बारे में बताया. इसके बाद पीड़ित महिलाओं के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात की सूचना पुलिस को दी. स्थानीय थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है लेकिन फिलहाल तक आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है. पुलिस घटनास्थल के उस रास्ते पर लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिस रास्ते से बेखौफ झपटमार वारदात को अंजाम देकर फरार हुए.
लोगों की गश्त ड्यूटी बढ़ाने की मांग: क्षेत्र में जिस किसी को वारदात का पता लगा, हर कोई हैरान है. लोगों ने स्थानीय थाना पुलिस से क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की गश्त ड्यूटी बढ़ाने और झपटमारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. लेकिन दिन के पहले पहर में ही महिलाओं से हुई वारदात से हर कोई चिंता में है. इससे पंचकूला पुलिस विभाग द्वारा लोगों को दिए जा रहे सुरक्षा व्यवस्था के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं.