यमुनानगर में साधु निकला स्नेचर, पानी मांगकर रुकवाता था गाड़ियां, चेन छीनकर हो जाता था फरार, स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार
यमुनानगर में साधु का भेष बनाकर हाईवे पर स्नेचिंग करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : June 24, 2026 at 5:13 PM IST
यमुनानगर: जिले में साधु का भेष धारण कर हाईवे पर राहगीरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर स्नैचर को यमुनानगर पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पानी मांगने के बहाने गाड़ियां रुकवाता था और लोगों को बातचीत में उलझाकर उनकी कीमती वस्तुएं छीनकर फरार हो जाता था. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई: पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि बैंक कॉलोनी मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है. इंस्पेक्टर रमन चंदेल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

साधु बनकर करता था स्नेचिंग: मामले स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर रमन चंदेल ने कहा कि, "गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में उसने हाईवे पर साधु का भेष बनाकर स्नेचिंग की वारदात कबूल की है. मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है."
पूछताछ में खुला राज: पूछताछ में आरोपी की पहचान दढ़वा की डेहा बस्ती निवासी अमीरचंद के रूप में हुई. जांच के दौरान उसने 14 जून को करेड़ा खुर्द हाईवे पर हुई स्नेचिंग की वारदात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि उसने साधु का भेष बनाकर देहरादून जा रहे पंचकूला के एक डॉक्टर की कार को पानी मांगने के बहाने रुकवाया और बातचीत के दौरान उनकी सोने की चेन छीनकर हाईवे पार कर फरार हो गया.
जांच में जुटी पुलिस: डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने पहले ही छीना-झपटी का मामला दर्ज किया था. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी पता लगाने में जुटी है. पुलिस को आशंका है कि वह इसी तरह की कई घटनाओं में शामिल रहा है.
ये भी पढ़ें: भिवानी में पैरोल पर आए उम्रकैदी समेत 17 गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी

