करनाल में शातिर 'जो जो' गिरफ्तार: 12 चेन स्नेचिंग, 5 बाइक चोरी समेत 15 से ज्यादा केसों में वांछित अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे
शातिर अपराधी 'जो जो' करनाल में गिरफ्तार, 12 चेन स्नेचिंग, 5 बाइक चोरी समेत 15 से अधिक मामलों में था वांछित.

Published : September 19, 2025 at 9:48 PM IST
करनाल: पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. लंबे समय से फरार चल रहा शातिर अपराधी रवि उर्फ एलियस 'जो जो' आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है. अंबाला निवासी यह आरोपी करनाल और कुरुक्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुका था. करनाल CIA-1 की टीम ने उसे सेक्टर-9 स्थित अटल पार्क के पास से दबोचा. खास बात यह रही कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था, जिससे उसकी ट्रैकिंग बेहद मुश्किल थी. लेकिन पुलिस की टेक्निकल टीम की सूझबूझ और मेहनत रंग लाई.
वारदात की थी खास रणनीति
रवि उर्फ जो जो अकेले ही अंबाला से बस में सफर कर कुरुक्षेत्र पहुंचता था. वहां से बाइक चोरी करता और उसी बाइक से करनाल आकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता. वारदात के बाद बाइक को कुरुक्षेत्र में छोड़कर फिर से बस के जरिए अंबाला लौट जाता था. पुलिस के मुताबिक, वह अब तक 12 चेन स्नेचिंग और 5 बाइक चोरी की वारदातों में शामिल रहा है. इनमें से 7 घटनाएं कुरुक्षेत्र और 4 करनाल में दर्ज की गई हैं.
पुराना अपराधी, लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि पर 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें रेप, जुआ और मारपीट के संगीन आरोप शामिल हैं. वह पहले भी दो बार 5-5 साल की सजा काट चुका है. जेल से बाहर आने के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां बंद नहीं हुईं.
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है और अब उससे यह पूछताछ की जा रही है कि चोरी और स्नैचिंग में लूटा गया सामान कहां बेचा गया. साथ ही, पुलिस उसकी सप्लाई चैन और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है. CIA-1 इंचार्ज संदीप ने बताया कि "आरोपी काफी शातिर है. मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था ताकि ट्रेस न हो सके. हमने टेक्निकल सर्विलांस और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर इसकी पहचान कर कार्रवाई की."

