JAPCON 2026: गंभीर बीमारियों की पहचान में पैथोलॉजी-हिमेटोलॉजी की भूमिका अहम
रांची में रविवार को राज्यभर के हिमेटोलॉजी और पैथोलॉजी चिकित्सकों की कॉन्फ्रेंस और सीएमई का आयोजन किया गया. उपेंद्र कुमार की रिपोर्ट.
Published : August 23, 2026 at 6:43 PM IST
रांची: सदर अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल में JAPCON 2026 का आयोजन किया गया. बेसिक्स, बियॉन्ड और ब्रेकथ्रू थीम पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ सुमित गुजराल सहित कई प्रख्यात चिकित्सकों ने बीमारियों के सही निदान में पैथोलॉजी और हेमेटोलॉजी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि कैंसर की कई तरह की बीमारियों की समय रहते पहचान करने में पैथोलॉजिस्ट और हिमेटोलॉजिस्ट की अहम भूमिका होती है.
पद्मश्री डॉ. एसपी मुखर्जी सहित तीन चिकित्सकों को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड
कॉन्फ्रेंस में पद्मश्री डॉ एसपी मुखर्जी, रिम्स के पूर्व निदेशक रहे डॉ आर के श्रीवास्तव और प्रख्यात पैथोलॉजिस्ट डॉ रविभूषण प्रसाद पांडेय को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया. खराब स्वास्थ्य की वजह से डॉ एसपी मुखर्जी खुद सम्मान ग्रहण करने नहीं पहुंच सके जबकि अन्य चिकित्सकों ने कहा कि राज्य ने चिकित्सा क्षेत्र में काफी प्रगति की है, जब झारखंड बना था तो उस समय राज्य में MBBS की कुल 190 सीटें हुआ करती थी, अब सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर एक हजार से ज्यादा MBBS सीटें हैं, इसके अतिरिक्त पीजी की सीटें भी बढ़ी हैं.
कई जटिल बीमारियों की जांच को लेकर टेक्निकल सेशन
सदर अस्पताल सभागार में आयोजित JAPCON-2026 में प्रख्यात चिकित्सकों ने रेक्टल अल्सर सिंड्रोम, लिम्फोमा, मल्टीपल मायलोमा सहित कई जटिल बीमारियों की पहचान और इलाज में पैथोलॉजिस्ट और हिमेटोलॉजिस्ट की अहम भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान बड़े स्क्रीन पर माइक्रोस्कोप में दिखाई देने वाली स्थिति और उस आधार पर रोग निदान को लेकर विश्लेषण की जानकारी साझा की गई.
ये चिकित्सक रहे कॉन्फ्रेंस में उपस्थित
रविवार को JAPCON 2026 में मुख्य रूप से जिन चिकित्सकों की उपस्थिति रही उसमें रांची सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ बिमलेश कुमार सिंह के साथ-साथ डॉ अरविंद कुमार, डॉ अमित आनंद, डॉ सौरभ बनर्जी, डॉ श्वेता सिन्हा, डॉ अभिषेक वर्मा, डॉ अमित कुमार, डॉ राकेश कुमार ठाकुर, डॉ सुमित गुजराल, डॉ अभिषेक आनंद उपस्थित रहे.
रक्त कैंसर एवं रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान और उपचार
ब्लड कैंसर से जुड़ी बीमारियों की जांच के लिए आधुनिक रिसर्च और स्टडीज पर आधारित जानकारी पेश की गई.
ये भी पढ़ें:
शुरुआत में ही आधुनिक उपचार से ठीक हो सकता है स्तन कैंसर! चिकित्सक चला रहे हैं जागरुकता अभियान
झारखंड के सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगी कैंसर जांच की सुविधा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए निर्देश
रांची में ओरल कैंसर जागरूकता अभियान, 80% मामलों में तंबाकू जिम्मेदार