मध्य प्रदेश

madhya pradesh

ETV Bharat / state

पन्ना में बोरवेल में उतरते ही बेहोश हुए पिता-पुत्र, अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें

पन्ना में दर्दनाक हादसा, बोरवेल में मोटर ठीक करने उतरे पिता और पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम. राकेश पाठक की रिपोर्ट.

PANNA FATHER AND SON DEATH
पन्ना में पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत (ETV Bharat)

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2026 at 5:48 PM IST

पन्ना: पवई थाना क्षेत्र के नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां बोरवेल में मोटर सुधारने उतरे पिता-पुत्र दोनों अचेत होकर गिर पड़े, मौके पर मौजूद लोगों ने आनन फनन में दोनों का अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में गम का माहौल है.

पिता-पुत्र की मौत

​​जानकारी के अनुसार, नारायणपुरा निवासी उजागर लाल वर्मन (55) और उनके पुत्र अतुल वर्मन (30) मुटलन हार स्थित अपने खेत में बोरवेल की सिंचाई मोटर को सुधारने गए थे. बोरवेल लगभग 10 से 12 फीट गहरा था. पहले अतुल बोरवेल में उतरा, जब वो काफी देर तक बाहर नहीं आया तो पिता उजागर लाल भी नीचे उतरे. जब काफी देर तक दोनों नहीं निकले तो परिजनों ने जाकर देखा. दोनों बोलवेल में बेहोश पड़े मिले. परिजन ने तुरंत ग्रामीणों और डायल-100 को सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पवई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मोटर ठीक करने को बोरवेल में उतरे थे पिता और पुत्र (ETV Bharat)

मामले की जांच में जुटी पुलिस

मृतक के परिजन शरद वर्मन ने बताया कि बोरवेल में पानी नहीं आ रहा था, जिसे देखने को दोनों उतरे थे. पहले लड़का गिरा और उसे बचाने गए पिता भी बेहोश हो गए. परिजनों का अनुमान है कि मोटर में फैले करंट या बिजली के झटके की वजह से यह हादसा हुआ है. पवई बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने बताया, "नारायणपुरा मामले में उजागर लाल वर्मन और अतुल वर्मन दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. प्राथमिक जांच के बाद शव परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है और मर्ग कायम कर सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है."

​पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मौत के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. दोनों की मौत बिजली के करंट या फिर बोरवेल के भीतर बनी जहरीली गैस की वजह हुई है. यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा.