गुजरात की जहरीली शराब का दंश मुरैना तक, हार्टअटैक बता डेडबॉडी ले आए परिजन
गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों में मुरैना का नाम जुड़ा. मुरैना के युवक की मौत. ओमप्रकाश गोले की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 4:04 PM IST
मुरैना : गुजरात में शराबबंदी लागू है. इसके बाद भी जहरीली शराब ने भावनगर के खरकड़ी गांव में कहर बरपाया. जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत हो चुकी है. कुछ लोग अस्पताल में भर्ती हैं. मृतकों में मुरैना का भी एक व्यक्ति है. डोंगरपुर किरार गांव निवासी मृतक का शव परिजन बुधवार को गुजरात से बिना पोस्टमार्टम कराए मुरैना ले आए. इसके बाद गुजरात पुलिस ने शव को वापस लाने को कहा. लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए. गुजरात पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मुरैना की सिटी कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया.
17 अगस्त को भावनगर में दम तोड़ा
डोंगरपुर किरार गांव निवासी 47 वर्षीय नागेंद्र पुत्र दामोदर यादव की गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब से मौत हो गई. इसके बाद नगेंद्र के परिजन उसका शव गुजरात से मुरैना लेकर पहुंचे. परिजन गुजरात में नगेंद्र की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कहते रहे, लेकिन गुजरात पुलिस के अनुसार मामला कथित रूप से जहरीली शराब पीने से हुई मौत से जुड़ा है. भावनगर जिले के एसपी आरआर सिंघाल के मुताबिक "16 अगस्त की रात कुछ लोगों ने शराब पी. कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई. नगेंद्र यादव ने भी 17 अगस्त को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया."

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गुजरात पुलिस को संदेह है कि नागेंद्र का कथित अवैध शराब के कारोबार के सिलसिले में गुजरात आना-जाना रहा. हालांकि इस संबंध में पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद नगेंद्र की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.
- आधी रात को चंबल के बीहड़ों में घुसी पुलिस, आसन नदी किनारे जहरीली शराब की फैक्ट्री
- छतरपुर में जहरीली शराब की फैक्ट्री पर छापा, टंकियां पलटी तो बहने लगा 'नाला'
काम की तलाश में भावनगर गया था
नागेंद्र रोजी-रोटी की तलाश में पहली बार गुजरात के भावनगर गया था. परिजनों के मुताबिक इस बार वह गुना जिले के ब्यावरा निवासी युवक के साथ काम की तलाश में भावनगर गया था. नगेंद्र के शव को भावनगर से मुरैना लाने वाले ताऊ के बेटे हर्ष यादव ने बताया "परिवार को अस्पताल से यही सूचना मिली थी कि हार्ट अटैक आने से नगेंद्र की मौत हुई है. भावनगर अस्पताल से जरूरी कागजात बनवाकर शव मुरैना लाया गया."

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया "कोतवाली थाने में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई है. पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सैंपल और प्राथमिक पीएम रिपोर्ट गुजरात की भावनगर पुलिस को सौंपी जाएगी."

