धौलपुर में पिता-पुत्र पर हमला कर डेढ़ लाख और सोने की चेन लूटी, बूंदी में बुजुर्ग से लूट के आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
Published : August 25, 2026 at 1:38 PM IST
धौलपुर/बूंदी: धौलपुर में एक फैक्ट्री परिसर में पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर डेढ़ लाख रुपए और सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष के निहालगंज थाने में मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है. वहीं, बूंदी में राजकीय अस्पताल में एक बुजुर्ग से हुई लूट मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही आरोपियों से लूट के 6.13 लाख रुपए बरामद कर लिया गए हैं.थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है. मामले की जांच की जा रही है. घटनाक्रम में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर निहालगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पढ़ें:पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा युवक, चिकित्सक पर लगाए मारपीट के आरोप, आहात होकर पीपल के पेड़ पर चढ़ा
जानकारी के अनुसार, धौलपुर में जीप और कार में सवार होकर आए करीब 8-10 लोगों ने फैक्ट्री परिसर में पिता-पुत्र के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से दोनों पर हमला किया. मारपीट में पिता मदन शर्मा को हाथ-पैर में चोटें आई हैं. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर मदन शर्मा के बैग से करीब डेढ़ लाख नकद और सोने की चेन भी ले गए. घटना के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ लोग पिता-पुत्र के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
पढ़ें:5 मंदिरों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चांदी के छत्र और मुकुट बरामद
नकदी और कागजात किए बरामद:बूंदी कोतवाली थाना अधिकारी रमेश कुमार आर्य ने बताया कि आरोपियों की पहचान नीम का खेड़ा निवासी रघुवीर पुत्र सांवलराम (31) और त्रिलोक पुत्र राधेश्याम (25) के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई 6 लाख 13 हजार 410 रुपए की नकदी, बुजुर्ग का बैग, पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है. वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि रामनगर कंजर कॉलोनी निवासी किशन गोपाल 16 अगस्त की सुबह राजकीय चिकित्सालय पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका देखकर रुपयों से भरा झोला उठाकर फरार हो गए. बुजुर्ग के बैग में राशन कार्ड, जन आधार कार्ड समेत अन्य कागजात और कुछ सामान था. बैग में 500-500 रुपए की आठ गड्डियां और करीब 40 हजार रुपए खुली नकदी भी रखी हुई थी.
पढ़ें:नोखा कैश वैन से लूटे थे 51 लाख, दो आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में दबाकर रखे 46 लाख बरामद
सीसीटीवी ने खोला बदमाशों तक पहुंचने का रास्ता: थाना प्रभारी ने बताया कि वारदात को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने अस्पताल और शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दोनों संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले. पुलिस ने दोनों आरोपियों को बाइक सहित पकड़ लिया. पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने लूटी हुई नकदी आपस में बांट ली थी और बैग में मौजूद दस्तावेज फुलसागर रोड पर फेंक दिए. पुलिस ने आरोपी रघुवीर से 3 लाख और त्रिलोक से 3 लाख 13 हजार 410 रुपए बरामद किए. साथ ही पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान भी बरामद किया गया. दोनों आरोपी कथित तौर पर नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे.