फरार हार्डकोर अपराधी ने हथियार छीनकर पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
आरोपी ने कांस्टेबल दीनदयाल से पुलिस का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
Published : September 1, 2026 at 7:00 PM IST
भरतपुर/डीग: हवालात से फरार हुए हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर और बदमाश विक्रम उर्फ टीला को मध्य प्रदेश के रीवा-सतना इलाके से गिरफ्तार कर लाते समय उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फायरिंग कर दी. मंगलवार सुबह नगर-नदबई रोड पर राठा के पास हुई इस घटना में आरोपी की गोली पुलिस के एएसआई सुल्तान सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी विक्रम के दाहिने पैर में घुटने के पास गोली लगी. घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है.
डीग एसपी शरण गोपीनाथ के. ने बताया कि थाना सीकरी निवासी विक्रम उर्फ टीला (30), पुत्र जाल सिंह हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर और अपराधी है. उसे सीकरी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद विक्रम सीकरी थाने की हवालात से फरार हो गया था. इसके बाद उसके खिलाफ थाना सीकरी में प्रकरण दर्ज किया गया था. आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई. आरोपी के लगातार फरार रहने और उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था. पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ ही लगातार उसकी गतिविधियों और संपर्कों पर नजर रखी.
पढ़ें:अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपी को मारने निकले बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग, पैर में लगी गोली
रीवा में छिपे होने की मिली सूचना:इसी दौरान एएसआई सुल्तान सिंह और उनकी टीम को सूचना मिली कि विक्रम उर्फ टीला मध्य प्रदेश के रीवा जिले में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि की. इसके बाद पुलिस टीम ने सतना-रीवा क्षेत्र से आरोपी को दस्तयाब कर लिया और उसे लेकर डीग के लिए रवाना हुई. 1 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे आरोपी को पुलिस टीम लेकर आ रही थी. नगर-नदबई रोड पर आरोपी ने पुलिस से बचकर फरार होने की कोशिश की. इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी कांस्टेबल दीनदयाल से पुलिस का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
फायरिंग के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई गोली एएसआई सुल्तान सिंह को लगी, लेकिन एएसआई ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी. गोली बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और एएसआई सुरक्षित बच गए. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को काबू करने और अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में विक्रम उर्फ टीला के दाहिने पैर में घुटने के पास गोली लगी. गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर पड़ा. पुलिसकर्मियों ने घायल विक्रम को उठाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. आरोपी की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है.