मौजपुर प्ले-वे स्कूल मामला: CM रेखा गुप्ता का बड़ा फ़ैसला, स्कूल को सील करने के आदेश जारी
सीएम रेखा गुप्ता के आदेश पर स्कूल सील, जाफराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई.
Published : August 31, 2026 at 5:43 PM IST
नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर स्थित एक प्ले वे स्कूल में साढ़े तीन साल के मासूम छात्र के साथ हुई बर्बरता और कथित यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अब राजधानी के स्कूलों में मासूम बच्चों के साथ सामने आई अमानवीय घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. स्कूलों और स्कूली बसों में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए उन्होंने दोषी स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस सख्त रुख के बाद प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह हरकत में आ गया है. मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले कड़े निर्देशों के बाद संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने मौजपुर स्थित उक्त आरोपी प्ले वे स्कूल के पूरे परिसर को तुरंत प्रभाव से सील करने की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है.
सीएम रेखा गुप्ता ने मौजपुर घटना को लेकर 'X' पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात साझा की. उन्होंने कहा,''दिल्ली सरकार ने मौजपुर के एक प्ले स्कूल में हुई बेहद परेशान करने वाली घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर, ज़िला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस जांच चल रही है. दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ज़िम्मेदारी तय की जाए और दोषी पाए जाने वालों के ख़िलाफ़ कानून के तहत सख़्त से सख़्त कार्रवाई हो.''
स्कूली बसों में बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं, होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बवाना क्षेत्र में तीन वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है. इस मामले में स्कूल बस चालक के कथित रूप से शामिल होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले बस स्टाफ की समुचित जांच और निगरानी हो.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी स्कूली बस के स्टाफ की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी. सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि स्कूलों, डे-केयर केंद्रों और स्कूली परिवहन व्यवस्था में बच्चों की सुरक्षा के लिए तय जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन हो और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
बस में दुष्कर्म की घटना पर सीएम का बयान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली-एनसीआर में उत्तर प्रदेश की 16 वर्षीय किशोरी के साथ चलती बस में दुष्कर्म की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है. घटना में बस चालक और परिचालक की भूमिका पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे सभ्य समाज को झकझोर देती हैं. दिल्ली सरकार इस विषय पर पड़ोसी राज्यों की सरकारों से भी बातचीत करेगी ताकि दिल्ली आने-जाने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके. उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा, जिसके तहत दूसरे राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाली बसों का जीपीएस सिस्टम दिल्ली के संबंधित विभाग के सिस्टम से जुड़ा हो. इससे बस की लोकेशन सहित आवश्यक जानकारी पर निगरानी रखी जा सकेगी और किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी.
क्या है मौजपुर प्ले-वे स्कूल मामला ?
बता दें कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र में स्थित एक प्ले वे स्कूल में कुछ दिन पहले साढ़े तीन साल के मासूम छात्र के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट और यौन उत्पीड़न किया गया था. बच्चे की हालत बिगड़ने और डॉक्टरों द्वारा मारपीट की पुष्टि के बाद, रविवार को जाफराबाद थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षिका और आया के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया था. वहीं, अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हस्तक्षेप और सख्त निर्देशों के बाद इस पूरे मामले में कानूनी शिकंजा पूरी तरह कस गया है, जिससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में दोषियों पर कानून का सबसे कड़ा प्रहार होना तय है.
ये भी पढ़ें: