ETV Bharat / state

चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग, खुशी से झूमा उत्तराखंड, केदारनाथ से कोटद्वार तक जश्न-ही जश्न

author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : Aug 23, 2023, 9:46 PM IST

Updated : Aug 23, 2023, 10:07 PM IST

chandrayaan
चंद्रयान 3

चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तराखंड में जगह-जगह से जश्न मनाने की तस्वीरें सामने आ रही हैं. कहीं लोग एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाईयां दे रहे हैं तो कहीं जमकर आतिशबाजियां की जा रही हैं. केदारनाथ धाम में भी चांद पर विजय का जश्न मनाया गया. यहां मदिर समिति और श्रद्धालुओं ने तिरंगा रैली निकाली.

मसूरी में चंद्रयान-3 की कामयाबी पर लोगों ने जश्न मनाया.

देहरादूनः भारत ने आज विश्व में अपना परचम लहराते हुए चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग चांद पर कर दी है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर 'विक्रम' और रोवर 'प्रज्ञान' से लैस लैंडर मॉड्यूल की 'सॉफ्ट लैंडिग' कराने में सफलता हासिल की. भारत ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है. इसके साथ ही अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद भारत चंद्रमा की सतह पर 'सॉफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. वहीं, भारत के इतिहास रचते ही दुनिया भर जश्न मनाया जा रहा है.

केदारनाथ में मंदिर समिति ने तिरंगा रैली निकाली.

केदारनाथ में निकाली रैली: उत्तराखंड में भारत के वैज्ञानिकों की सफलता पर जश्न की तस्वीरें भी आ रही हैं. चारधाम में से एक केदारनाथ में चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर हाथों में तिरंगा लेकर रैली निकाली गई. इस रैली में मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी और पुरोहित शामिल हुए. धाम में हिंदुस्तान जिंदाबाद, इसरो वैज्ञानिक जिंदाबाद के नारे लगाए गए. इससे पूर्व धाम में सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर बाबा केदार का महा अभिषेक भी किया गया था.

मसूरी में पर्यटकों मनाई खुशी: पहाड़ों की रानी मसूरी में भी चंद्रयान-3 की कामयाबी पर लोगों ने जश्न मनाया. मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में मसूरी पिक्चर पैलेस चौक से ग्रीन चौक तक विजय रैली निकाली गई और जमकर जश्न मनाया गया. इस मौके पर देश-विदेश से मसूरी आए पर्यटक भी जश्न में शामिल हुए. लोगों ने भारत माता की जय के जमकर नारे भी लगाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का ही यह पूरा नतीजा है कि चंद्रयान-3 सफल हो गया है.

कोटद्वार में भाजपाइयों ने बांटी मिठाई: चंद्रयान -3 का ऐतिहासिक सफल लैडिंग पर कोटद्वार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर कोटद्वार वासियों को मिठाई बांटी. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार मुख्य चौराहा झंडाचौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व इसरो के वैज्ञानिकों के लिए जय-जय के नारे लगाए. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण और हिन्दुस्तानियों के लिए गौरव का पल है.
ये भी पढ़ेंः Chandrayaan 3 : भारत ने रचा इतिहास, चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा चंद्रयान-3, देश में जश्न

काशीपुर में जश्न-ए-आतिशबाजी: उधमसिंह नगर के काशीपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खुशी का इजहरा किया. महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आतिशबाजी कर मिठाई बांटी और चंद्रयान के चांद पर सफलतापूर्वक उतरने पर खुशी जताई. खुशी से लबरेज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने वैज्ञानिकों के पक्ष में जबरदस्त नारेबाजी भी की.

भारत माता की जय से गूंजा रुद्रपुर: रुद्रपुर में भी लोगों द्वारा वैज्ञानिकों की इस सफलता पर जमकर आतिशबाजी करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई. जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भी लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर जश्न मनाया. इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को मिठाई वितरित कर वैज्ञानिकों का आभार भी जताया. लोगों ने चंद्रयान 3 की सफलता पर बाजार में जमकर आतिशबाजी करते हुए हाथ में तिरंगा लहरा कर भारत माता के जयकारे लगाए.
ये भी पढ़ेंः Chandrayaan 3 की सफल लैंडिंग का बॉलीवुड से साउथ सिनेमा तक जश्न, ISRO को दिल से बधाई दे रहे सेलेब्स

Last Updated :Aug 23, 2023, 10:07 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.