ETV Bharat / bharat

'कितने भी बड़े हो गए हो पैर तो छूने पड़ेंगे', धोनी से बोले रिश्तेदार, पैतृक गांव में हुआ ग्रैंड वेलकम

author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : Nov 16, 2023, 7:41 PM IST

Updated : Nov 16, 2023, 8:29 PM IST

Mahendra Singh Dhoni in Uttarakhand अपनी सादगी से आज भी महेंद्र सिंह धोनी लोगों के दिलों पर राज करते हैं. माही की सादगी के कई मिसाल सोशल मीडिया पर अक्सर देखने को मिल जाते हैं. इन दिनों माही उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में हैं तो वहां पर भी उनकी सादगी लोगों के दिल जीत रही है. जहां उन्होंने लोगों को एक पल के लिए भी ये महसूस नहीं होने दिया कि वो इतने बड़े सुपरस्टार हैं. धोनी कहीं पैर छुते दिख रहे हैं तो कहीं पैदल ही पगडंडियों पर चलते दिख रहे हैं. इसके अलावा सेल्फी और फोटो खिंचवाने आ रहे लोगों को भी निराश नहीं कर रहे हैं.

MS Dhoni Uttarakhand Visit
उत्तराखंड में महेंद्र सिंह धोनी

उत्तराखंड में महेंद्र सिंह धोनी

अल्मोड़ा (उत्तराखंड): कैप्टन कूल से फेमस महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं. महेंद्र सिंह धोनी करीब 20 साल बाद अल्मोड़ा स्थित अपने पैतृक गांव ल्वाली पहुंचे हैं. धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी, बेटी जीवा और उनके फ्रेंड्स भी ल्वाली पहुंचे हैं. इतने लंबे समय बाद महेंद्र सिंह धोनी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी भी सभी ग्रामीणों से गर्मजोशी से मिले. खास बात ये रही कि माही करीब एक किलोमीटर पैदल ही चलकर अपने गांव पहुंचे. जहां उनकी रिश्तेदारों के साथ जुगलबंदी भी देखी गई.

Former Cricketer Mahendra Singh Dhoni
महेंद्र सिंह धोनी ने महिला के छुए पैर

भारत के पूर्व क्रिकेटर और कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी ने ल्वाली स्थित अपने पुराने घर को करीब से देखा और घर के आगे अपने परिजनों के साथ फोटोशूट भी किया. इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी से गांव वालों से लंबी बातचीत हुई. इस दौरान धोनी के फैंस ने उनके साथ फोटो भी खिंचाई. मेल मिलाप के कार्यक्रम के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने पैतृक गांव ल्वाली में कुल देवता के दर्शन किए. साथ ही माही और साक्षी ने पूजा अर्चना भी की. गांव के सीधे-साधे लोगों ने भी महेंद्र सिंह धोनी के साथ खूब समय बिताया.

MS Dhoni Uttarakhand Visit
माही के साथ लोगों ने खिंचवाई फोटो

महेंद्र सिंह धोनी 13 नवंबर को दीपावली के अगले दिन पंतनगर एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए थे, तब ये कहा जा रहा था कि वे यहां से सीधे नीम करौली वाले बाबा के दर्शन के लिए जाएंगे, लेकिन ऐसा शुरुआती दिन में नहीं हुआ. इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर को खबर ये आई कि वे चुपचाप अपने गांव पहुंच गए हैं. गांव पहुंचने के बाद उन्होंने न केवल कुल देवता के दर्शन किए, बल्कि एक किलोमीटर तक पैदल भी चले. उनसे जो भी मिला, उन्हें माही ने निराश नहीं किया. सबके साथ तस्वीरें खिंचवाई.

MS Dhoni Daughter Ziva
महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा

महिला ने चाय के लिए पूछा, माही बोले- चलो चाय पी लेते हैं: वहीं, एमएस धोनी की पत्नी साक्षी रावत ने गांव के बड़े बुजुर्गों का सम्मान करने के लिए सिर पर पल्लू रखे नजर आईं. इतना ही नहीं माही की सादगी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि वो गांव पहुंचने के बाद एक अनजान व्यक्ति की तरह ग्रामीणों से पैदल जाने का रास्ता पूछते हैं. इतना ही नहीं महिलाएं उन्हें चाय के लिए भी पूछते हैं, जिस पर माही हामी भरते हुए कहते हैं, 'चलो चाय पी लेते हैं.' इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी और उनके एक रिश्तेदार के बीच मेल मिलाप ज्यादा चर्चाओं में आता है.

MS Dhoni Uttarakhand Visit
महेंद्र सिंह धोनी के साथ फोटो लेने से नहीं चूके लोग

जब महिला बोली 'कितने भी बड़े हो गए हो, पैर तो छूने पड़ेंगे': बताया जा रहा है कि इस दौरान उनकी मुलाकात उनकी मौसी से हो जाती है, यह मौसी बातों ही बातों में महेंद्र सिंह धोनी से कहती हैं कि 'तुम जितने भी बड़े हो जाओ, लेकिन गांव में आए हो तो पैर तो छूने पड़ेंगे.' इस बात पर महेंद्र सिंह धोनी उनकी तरफ देखकर थोड़ा हंसते हैं. रिश्तेदारी में मौसी लगने वाली महिला उनका हाथ पकड़ कर नीचे की तरफ झुकाने लग जाती हैं. जिस पर धोनी समझ जाते हैं कि बिना पैर छुए बात नहीं बनेगी. जिसके बाद अपनी खूबसूरत स्माइल के साथ माही उस महिला के पैर छू लेते हैं और फिर दोनों एक दूसरे को स्नेह पूर्वक गले लगते हैं.

MS Dhoni Uttarakhand Visit
महेंद्र सिंह धोनी के साथ फोटो लेता युवा

शनिवार तक उत्तराखंड में रहेंगे धोनीः जब महेंद्र सिंह धोनी अब गांव पहुंचे तो उन्होंने एक पल के लिए भी ये महसूस नहीं होने दिया कि वो इतने बड़े सुपरस्टार हैं. माही ने किसी का भी दिल नहीं तोड़ा, बच्चों से लेकर महिलाएं, बुजुर्गों से लेकर युवाओं ने उनके साथ न केवल बातचीत की, बल्कि खूब सारी फोटो भी खिंचवाई. उत्तराखंड में तमाम सोशल साइट पर इस वक्त महेंद्र सिंह धोनी की फोटो खूब वायरल हो रही हैं. बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी शनिवार तक उत्तराखंड में ही रहेंगे. फिलहाल, वे अभी नैनीताल के आस पास हैं. खबर है कि वे कैंची धाम भी जा सकते हैं.
ये भी पढ़ेंः पूर्व क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने पैतृक गांव में की पूजा अर्चना, बुजुर्गों के पैर भी छुए, देखिए तस्वीरें...

Last Updated :Nov 16, 2023, 8:29 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.