ETV Bharat / state

स्वच्छता सर्वेक्षण 2023: पिछले वर्ष की तुलना में रांची का प्रदर्शन बेहद खराब, अधिकारियों ने कही ये बात

author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Jan 12, 2024, 3:53 PM IST

Updated : Jan 12, 2024, 4:03 PM IST

स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के नतीजे सामने आ गए हैं. पिछली बार जहां रांची ने बेहतर प्रदर्शन किया था. वहीं इस बार इसका प्रदर्शन काफी खराब रहा है. इसके पीछ रांची नगर निगम के अधिकारी अलग ही तर्क दे रहे हैं.

Sanitation Survey 2023 Ranchi performance
Sanitation Survey 2023 Ranchi performance

रांची नगर निगम के उप प्रशासक रजनीश कुमार का बयान

रांची: स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 का रिपोर्ट कार्ड जारी होने के बाद झारखंड की स्वच्छता व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं. पिछली बार स्वच्छ शहर के रूप में अपनी पहचान बनाने वाला रांची आज 885वें रैंक पर है. स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड 2023 में रैंक पीछे होने की वजह बताते हुए रांची नगर निगम के उप प्रशासक रजनीश कुमार बताते हैं कि कई कारणों से स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड में रांची नगर निगम का रैंक पीछे गया है. लेकिन अंक प्राप्त में देखा जाए तो रांची नगर निगम ने इस बार 12% ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं.

स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड 2023 में देश के टॉप 10 सिटी से कोसों दूर रांची नगर निगम के पदाधिकारी रजनीश कुमार बताते हैं कि रांची शहर एक जिले से राजधानी में परिवर्तित हुआ. बाहर से लोग आकर यहां बस रहे हैं. ऐसे में कई तरह के विकास कार्य किए जा रहे हैं. शहर के क्षेत्र में वृद्धि हो रही है. इसके बाद भी नगर निगम रांची को पहले की तरह खूबसूरत बनाने के लिए पौधारोपण का कार्य वृहद स्तर पर कर रहा है, जो आने वाले वक्त में जरूर देखने को मिलेगा.

रजनीश कुमार ने बताया कि इस बार अगर अंक का आंकलन किया जाए तो रांची नगर निगम को 9500 में 4946 अंक (52.06 प्रतिशत ) प्राप्त हुए हैं. जबकि पिछली बार हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में 7500 में 3068अंक (40.90 प्रतिशत) प्राप्त हुए थे. प्रतिशत को देखें तो रांची ने करीब 12% वृद्धि के साथ अंक प्राप्त किए हैं.

रांची नगर निगम के उप प्रशासक रजनीश कुमार बताते हैं कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सबसे ज्यादा मार्किंग डिस्पोजल और ड्रेनेज सिस्टम पर दिए जाते हैं. रांची नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष दोनों व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि इस दोनों व्यवस्थाओं के शुरू होने के बाद स्वच्छता सर्वेक्षण के रैंकिंग में अगले वर्ष रांची नगर निगम देश के टॉप शहरों में शुमार होगा. उन्होंने बताया कि रांची के झिर्री में सीएनजी, बायोगैस प्लांट बनाया जा रहा है. जिसके माध्यम से गीले कचरे का पूर्ण डिस्पोजल कर मीथेन गैस का निर्माण किया जाएगा.

वहीं, राजधानी के बरगाईं में सीवरेज ड्रेनेज प्लांट की शुरुआत भी इस वर्ष कर दी जाएगी. इन दोनों व्यवस्थाओं के शुरू होने के बाद रांची नगर निगम अपने आप स्वच्छता सर्वेक्षण के रैंकिंग में ऊपर आ जाएगा. रांची नगर निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड में पिछड़ने के बाद निगम के अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि शहर को साफ रखने के लिए प्रयास करें और सुझाव दें ताकि शहर की स्वच्छता बनी रहे.

ये भी पढ़ें:

रांची के लोगों को कुड़े के ढेर से मिलेगी मुक्ति, दिसंबर तक तैयार हो जाएगा बायो कंप्रेस्ड गैस प्लांट, निगम की लोगों से खास अपील

भारत सरकार के स्वच्छता पखवाड़ा को सफल बनाने में जुटा नगर निगम, नगर आयुक्त ने लोगों से एक घंटे श्रमदान करने की अपील की

Last Updated : Jan 12, 2024, 4:03 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.