ETV Bharat / state

पार्टी कार्यालयों में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने झामुमो कार्यालय में किया ध्वजारोहण

author img

By

Published : Jan 26, 2023, 1:46 PM IST

Republic Day celebrated in political party offices in Ranchi
Republic Day celebrated in political party offices in Ranchi

रांची में सभी पार्टी के कार्यकर्ता 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहे हैं. सभी पार्टियों के मुख्यालय पर उनके पार्टी के बड़े नेताओं ने झंडारोहण किया.

रांची: देश आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मना रहा है. झारखंड की राजधानी रांची में गणतंत्र दिवस पर आज अलग अलग राजनीति दलों के प्रदेश और केंद्रीय कार्यालय में पार्टी प्रमुखों ने ध्वजारोहण किया. राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री और हेमन्त सोरेन सरकार में बनीं समन्वय समिति के अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन ने तिरंगा फहराया तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने तिरंगा झंडा फहराया. राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक संजय सिंह यादव ने तिरंगा झंडा फहराया.

ये भी पढ़ें: दुमका में सीएम हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा, गिनाई अपने सरकार की उपलब्धियां

झामुमो के केंद्रीय कैंप कार्यालय में शिबू सोरेन ने फहराया तिरंगा: झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कैंप कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराया और आज के दिन को महान बताया. उन्होने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने देश की आजादी के बाद हमें एक ऐसा संविधान दिया है जो सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के प्रेम, भाईचारे और सहिष्णुता के साथ रहने के लिए प्रेरित करता है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चाहे कोई किसी जाति, धर्म, पंथ या वर्ग का हो सभी को समान वोटिंग अधिकार की ही महानता है कि जनता अपने पसंद से सरकार और अपना नुमाइंदा चुनती है. राज्य में सरकार की कई योजनाओं को जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बताते हुए शिबू सोरेन ने लोगों से शिक्षित होने और नशा से दूर रहने का आह्वान किया. झामुमो कार्यालय में इस दौरान सीता सोरेन, नेता सुप्रियो भट्टाचार्या, विनोद पांडे, मनोज पांडेय, हेमलाल महतो सहित बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता शामिल हुए.

कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने फहराया तिरंगा: वहीं कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आज का दिन हर एक भारतीय को यह ताकत देता है कि वह संविधान में दिए अधिकारों के अनुरूप वह स्वतंत्र है. राजेश ठाकुर ने कहा कि चाहे वोट का अधिकार हो या हमारे मौलिक अधिकार हों, यह हमें संविधान से ही मिली है. भारत के संविधान को अक्षुण्ण रखने के लिए ही उनके नेता राहुल गांधी, भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं क्योंकि पिछले 08 वर्षों में यह देखा गया है कि हमारे संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं. प्रेम और सद्भाव का माहौल देश में बिगड़ा है. इसे मजबूत करने और बचाये रखने की जिम्मेदारी हम सबों पर है. कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण के दौरान प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, डॉ तौसीफ सहित बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस के सदस्य उपस्थित रहें.

राजद के प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने किया ध्वजारोहण: राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार, उपाध्यक्ष राजेश यादव, एसडी सिंह,पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर, मनोज पांडे, रामकुमार यादव, अनिता यादव सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संजय सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया. अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार और भाजपा जैसी पार्टियों की वजह से देश का संविधान खतरे में है, इसलिए हम अभी को एक सजग प्रहरी के रूप में देश के संविधान की रक्षा करने के लिए तैयार रहना होगा.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.