ETV Bharat / state

शाबाश दीपिका! वर्ल्ड आर्चरी रैंकिंग में नंबर वन, अब ओलंपिक पर निशाना

author img

By

Published : Jun 28, 2021, 10:51 PM IST

Updated : Jun 28, 2021, 11:11 PM IST

World number one archer Deepika Kumari
विश्व की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी

तीरंदाजी विश्व कप टूर्नामेंट (Archery World Cup Tournament) में तीन स्वर्ण पदक जीतकर दीपिका कुमारी सोमवार को विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गई हैं. विश्व की नंबर एक तीरंदाज बनने के बाद झारखंड के खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

रांची: झारखंड की बेटी और भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने रविवार को विश्व कप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. इस उपलब्धि के साथ ही दीपिका तीरंदाजी की विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गई हैं और उन्हे नंबर एक का ताज दिया गया है. उनकी इस कारनामे के बाद झारखंड के खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

ये भी पढ़ें- झारखंड की दीपिका ने विश्व तीरंदाजी में रचा इतिहास, अब टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड पर साधेंगी निशाना

90 रैंकिंग प्वाइंट के साथ नंबर-1 का ताज

पेरिस विश्व कप में एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक जीतने के बाद दीपिका की रैंकिग में भी बदलाव हुआ. सोमवार को जारी वर्ल्ड आर्चरी (World Archery) की ताजा रैंकिंग के अनुसार दीपिका को 90 प्वाइंट मिले हैं और वह तीसरे नंबर से सीधे पहले स्थान पर आ गई हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर फ्रांस की लीजा बर्बलिन हैं जिनसे दीपिका 38 अंक आगे हैं.

27 जून 2021 को मिला था तीन गोल्ड

विश्व कप तीरंदाजी प्रतियोगिता में 27 जून 2021 का दिन झारखंड की बेटी दीपिका कुमारी (Deepika Kumari) का रहा, दीपिका ने एक दिन में तीन स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. दीपिका ने पहले पेरिस में चल रहे विश्व कप तीरंदाजी के रिकर्व मुकाबले में झारखंड की ही दो बेटी कोमालिका बारी और अंकिता भगत के साथ स्वर्ण पदक जीता. फिर दीपिका ने मिक्सड डबल रिकर्व प्रतियोगिता में अपने पति अतनु दास के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. उसके बाद दीपिका ने एकल प्रतिस्पर्धा में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाल लिया.

विश्व कप के बाद ओलंपिक पर निशाना

पेरिस विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद दीपिका पर टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं. देश के साथ-साथ दीपिका के होमटाउन रांची के लोग भी टोक्यो ओलंपिक में दीपिका बेहतर प्रदर्शन करें इसे लेकर प्रार्थना कर रहे हैं. लोगों को भरोसा भी है कि वो इस बार टोक्यो ओलंपिक से गोल्डन गर्ल बनकर ही भारत वापस आएंगी.

भारत की एकमात्र महिला तीरंदाज

भारतीय तीरंदाजी टीम में दीपिका एक मात्र महिला तीरंदाज हैं जो ओलंपिक में हिस्सा ले रही हैं. इसको लेकर दीपिका की गोल्ड को लेकर दावेदारी मजबूत मानी जा रही है.

Last Updated :Jun 28, 2021, 11:11 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.