झारखंड के चमकते सितारे, हर खेल में प्रदेश के खिलाड़ियों का जलवा कायम

author img

By

Published : Jan 1, 2022, 6:03 AM IST

players of jharkhand in limelight
खेलकूद ()

महामारी के दौरान भी खेलकूद में झारखंड के खिलाड़ियों का बोलबाला देश-दुनिया तक रहा. देश-विदेश में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. आगामी भविष्य में भी प्रदेश के खिलाड़ी सुनहरे अक्षरों में झारखंड का नाम रोशन करने में जुटे हैं.

रांचीः महामारी का दौर खेल और खिलाड़ियों के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. कोरोना के कारण स्टेडियम बंद रहे, खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने की जगह तक नहीं मिली. इसके बावजूद झारखंड के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपना और राज्य का नाम रोशन किया है. टोक्यो ओलंपिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, फुटबॉल, नेटबॉल समेत कई खेलों में झारखंड के खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया. भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए झारखंड की पांच खिलाड़ी का चयन किया गया है.

इसे भी पढ़ें- बेंगलुरु के राष्ट्रीय हॉकी कैंप में झारखंड की पांच खिलाड़ी, सीनियर भारतीय महिला हॉकी में चमकने का मौका

बीता वर्ष झारखंड के खेल और खिलाड़ियों के लिए कुछ खास नहीं रहा. खेल जगत पर पूरे साल ग्रहण लगा रहा. खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. खेल स्टेडियम बंद, डे बोर्डिंग सेंटर पर भी ताला जड़ा दिखा. इसके बावजूद झारखंड के खिलाड़ियों ने अपनी खुद की मेहनत से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

देखें पूरी खबर

वर्ष 2021 में आयोजित टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया और इस टीम में भी झारखंड की दो बेटियां सलीमा टेटे और निक्की प्रधान ने अपनी खेल प्रतिभा से सब को अपनी ओर आकर्षित किया. इसी टोक्यो तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में झारखंड की ही बेटी दीपिका कुमारी का भी चयन हुआ और उन्होंने भी बेहतर प्रदर्शन किया. हालांकि दीपिका के लिए यह ओलंपिक कुछ खास नहीं रहा. इसके बावजूद झारखंड के खिलाड़ियों का इस महाकुंभ में भी दबदबा देखने को मिला.

15 अगस्त 2021 में विश्व तीरंदाजी वर्ल्ड कप में दीपिका ने एक के बाद एक तीन गोल्ड हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर झारखंड का सीना गर्व से ऊंचा कर दिया. दूसरी ओर 2021 क्रिकेट T20 वर्ल्ड कप में झारखंड के महेंद्र सिंह धोनी को बीसीसीआई की ओर से एक बड़ी जिम्मेदारी दी गयी. बीसीसीआई ने टी20 विश्व कप में भारत के 15 सदस्य क्रिकेट टीम का पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मेंटर बनाया. वर्ष 2021 में महेंद्र सिंह धोनी पूरी तरह सुर्खियों में छाए रहे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद भी वर्ष 2021 में महेंद्र सिंह धोनी का जलवा मेंटर के रूप में भी खेल प्रेमियों के बीच देखने को मिला.

अगर फुटबॉल की बात करें तो फुटबॉल में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर वर्ष 2021 में अपनी ओर आकर्षित किया है. ऑल इंडिया स्तर पर जूनियर वर्ल्ड कप के लिए 8 जूनियर खिलाड़ियों का चयन किया गया. लेकिन कोरोना के कारण वह टूर्नामेंट समय पर आयोजित नहीं हुआ और कैंप लगने के बावजूद भी खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी. इसके बावजूद फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2021 में पंचायत प्रखंड और जिला स्तर पर मुख्यमंत्री फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इस सफल आयोजन के बाद यहां से भी कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उभरकर सामने आई.

इसे भी पढ़ें- Year Ender: नीरज के ओलंपिक इतिहास से लेकर सुशील की जेल यात्रा तक की दास्तान

वर्ष 2021 में आयोजित विश्व तीरंदाजी युवा चैंपियनशिप में भारत में कुल 15 पदक जीते. इस टूर्नामेंट में झारखंड जमशेदपुर की रहने वाली कोमोलिका बारी ने बेहतर प्रदर्शन किया. तीरंदाजी युवा विश्व चैंपियनशिप में जूनियर खिताब जीतकर दीपिका कुमारी के बाद यह उपलब्धि कोमोलिका ने हासिल किया. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय महिला तीरंदाज बन गयीं. तीरंदाजी, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल के क्षेत्र में वर्ष 2021 कोरोना के बावजूद झारखंड के लिए बेहतर साबित हुआ.

अगस्त के बाद झारखंड में खेल गतिविधियां हुई शुरूवर्ष 2021 के अगस्त महीने के बाद धीरे-धीरे खेल गतिविधियों को शुरू किया गया. इसके बाद कई राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट झारखंड में आयोजित हुआ. सिमडेगा में जूनियर और सब जूनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर को टी20 टूर्नामेंट भी रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला गया.

खेल को लेकर बुनियादी सुविधाओं की बात करें तो इसी साल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम का कायाकल्प किया जा रहा है. वर्ष 2021 में इस स्टेडियम को बेहतर बनाने के लिए शिलान्यास किया गया. कुल मिलाकर कहें तो कोरना के बावजूद झारखंड के खेल गतिविधियां अन्य राज्यों की अपेक्षा बेहतर रहा.

खेल के लिए उपलब्धियों वाला वर्ष रहा 2021 टोक्यो ओलंपिक से लेकर कुश्ती में धमक दी. टोक्यो ओलंपिक 2021 के जरिए हॉकी में झारखंड को दो ओलंपियन निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के रुप में मिला. भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ी संगीता कुमारी, सुषमा कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग शामिल की गयीं. कुश्ती महिला वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व हुआ. झारखंड के ओरमांझी की रहने वाली चंचला कुमारी ने इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन किया.

अंडर-19 फुटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम में झारखंड के 5 खिलाड़ी शामिल (बांग्लादेश में टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है). जूनियर विश्व चैंपियनशिप में तीरंदाजी में जमशेदपुर की कोमोलिका बारी का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला. कोमालिका इस चैंपियनशिप में खिताब जीत कर दीपिका कुमारी के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय महिला तीरंदाज बनीं. इसके अलावा अन्य खेलों में भी झारखंड के खिलाड़ियों का इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन रहा.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.