ETV Bharat / state

CM सुक्खू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को किया संबोधित, बोले सरकार ने OPS की बहाल, अन्य वादे भी होंगे पूरे

author img

By

Published : Feb 25, 2023, 9:07 PM IST

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हिस्सा लिया और अधिवेशन को संबोधित किया. (Congress National Convention 2023 ) (CM Sukhvinder Singh Sukhu)

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य बड़े नेता भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे हैं. अधिवेशन के दूसरे दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संबोधन दिया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही अपने 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है. यह कांग्रेस सरकार के चुनावी वायदों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए सभी वादों को पूरा करेगी.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्र के विकास में नेहरू और गांधी परिवार के बहुमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला. मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इस परिवार ने देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है. उन्होंने कहा कि यह परिवार सत्ता का बिल्कुल भी भूखा नहीं है. जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पद ग्रहण करने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था.

पूर्व पीएम स्व. राजीव गांधी ने 18 साल में दिया था मतदान का अधिकार: मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता को सुनिश्चित किया. उन्होंने समाज की विकास प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की और पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और ज्यादा सुदृढ़ किया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देखें तो पूरा इतिहास राष्ट्र के लिए बलिदानों से भरा है. उन्होंने कहा कि भाजपा की डिवीजन पॉलिटिक्स का जवाब देने के लिए कांग्रेस तैयार है. 2024 में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करेंगे.

पार्टी नेतृत्व को हिमाचल में जीत के लिए दी बधाई: मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा चुनाव में प्रदेश में मिली शानदार जीत के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की चुनावी रणनीति से ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ. उन्होंने कहा कि इस छोटे से राज्य में पार्टी की जीत आगामी लोकसभा चुनावों के लिए वरदान साबित होगी.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लोगों में एकता और सद्भाव का संदेश दिया है. राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक 3500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मुख्य विपक्षी दल की जिम्मेदारी को समझता है.

सीएम के तौर पर प्रदेशवासियों की सेवा का मौका देने के लिए आभार जताया: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए कांग्रेस हाईकमान का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि वह हिमाचल के लोगों के कल्याण के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे. उन्होंने कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले कार्यकर्ता को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना कांग्रेस पार्टी की आम लोगों से जुड़े होने की विचारधारा और प्रतिबद्धता को दिखाता है.

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति से राज्यपाल ने की मुलाकात, दिल्ली में कई संगठनों ने किया Governor शिव प्रताप शुक्ला का स्वागत

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.