ETV Bharat / bharat

राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद उनके पैतृक गांव समेत देशभर में जश्न का महौल

author img

By

Published : Jul 21, 2022, 5:54 PM IST

Updated : Jul 22, 2022, 9:16 PM IST

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में लोग मना रहे जश्न
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में लोग मना रहे जश्न

एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की है. इससे ओडिशा में द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर के अलावा देशभर में जश्न मनाया गया. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग जश्न में शामिल हुए.

रायरंगपुर (ओडिशा)/नई दिल्ली : राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी 'ओडिशा की बेटी' द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है. मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं. उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी देखने को मिला जोकि मुर्मू का ससुराल है. एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीतने के साथ ही दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के बाहर जश्न में भारी भीड़ जमा हो गई.

दिल्ली से जानकारी देतीं ईटीवी भारत की वरिष्ठ संवाददाता अनामिक रत्ना.
द्रौपदी मुर्मू की जीत की खुशी में दिल्ली में जश्न.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार मुर्मू का समर्थन करने वाले ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों ने रायरंगपुर में मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़कर खुशी जतायी. भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने मुर्मू की जीत पर जश्न मनाया. रायरंगपुर की स्थानीय निवासी सौदामिनी दास ने कहा, 'हमारे पास मुर्मू पर गर्व करने के कारण हैं. वह हमें बहुत प्यारी है, उन्होंने हमारे साथ, हमारे सुख-दुख साझा किए हैं.'

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में जश्न मनाते लोग
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में जश्न मनाते लोग

रायरंगपुर में द्रौपदी मुर्मू के छोटे भाई तारिनसेन टुडू और रायरंगपुर के विधायक नाबा चरण मांझी भी शामिल हुए. वहीं तारिनसेन टुडू ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं, मेरी दीदी आदिवासी क्षेत्र से जाकर राष्ट्रपति बन गईं. उन्होंने बचपन से ही बहुत संघर्ष किया है. इससे ज्यादा खुशी की क्या बता हो सकती है. यहां लोग बहुत खुश हैं. मैं परसो उनसे मिलने जाऊंगा.

आदिवासी समुदाय के लोगों ने द्रौपदी मुर्मू की जीत पर खुशी जताई.

नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जा रही हैं. द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने के बाद, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने ड्रम पर हाथ आजमाया.

राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं. वहीं, मुर्मू की जीत से उत्साहित लोगों ने उत्तरी पश्चिम बंगाल के दुआर्स इलाके के चाय बागानों में जश्न मनाया. बागान में चाय तोड़ने का काम करने वाली ज्यादातर महिलाएं संथाल समुदाय की हैं जोकि अपना काम खत्म करने के बाद आदिवासी धुन पर नृत्य करती दिखीं. मुर्मू भी संथाल समुदाय से ताल्लुक रखती हैं. जलपाईगुड़ी से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित डंगुआझार चाय बागान में भी पुरुषों ने लोक संगीत बजाया और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया.

  • #WATCH ओडिशा: NDA से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में लोग जश्न मना रहे हैं।

    तीसरे राउंड की मतगणना के बाद द्रौपदी मुर्मू आगे चल रही हैं। pic.twitter.com/PfDgBQNMEN

    — ANI_HindiNews (@AHindinews) July 21, 2022 " class="align-text-top noRightClick twitterSection" data=" ">

इसी बीच बिहार के पटना में भाजपा नेता और कार्यकर्ता जश्न मनाते देखे गए. बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि ऐसा समाज जो राजनीतिक क्षेत्र में कभी हाशिये पर रहा करता था, उनके(द्रौपदी मुर्मू) नेतृत्व में देश निश्चित तौर पर आगे बढ़ेगा. आज देश के सभी नागरिक उनकी उम्मीदवारी और उनकी जीत से खुश हैं.

सुदर्शन पटनायक ने मुर्मू की जीत पर बधाई देते हुए बनाई रेत की कलाकृति
सुदर्शन पटनायक ने मुर्मू की जीत पर बनाई रेत की कलाकृति

सुदर्शन पटनायक ने मुर्मू की जीत पर बधाई देते हुए बनाई रेत की कलाकृति : कलाकार सुदर्शन पटनायक ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति का चुनाव जीतने पर उनके सम्मान में बृहस्पतिवार को ओडिशा के पुरी तट पर रेत की एक कलाकृति बनाई. इस कलाकृति में मुर्मू के पीछे राष्ट्रपति भवन को दर्शाया गया है और उसके ऊपर तिरंगे के तीनों रंगों को अर्धचन्द्राकार रूप में दिखाया गया है. पटनायक ने कलाकृति पर लिखा है, 'भारत की जनता की राष्ट्रपति को बधाई.' कलाकृति के चित्र के साथ पटनायक ने ट्वीट किया,'भारत की जनता की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक विजय के लिए उन्हें बधाई.' मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में यशवंत सिन्हा को पराजित कर विजय प्राप्त की.

ये भी पढ़ें - द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, मिलने पहुंचे पीएम मोदी और नड्डा

Last Updated :Jul 22, 2022, 9:16 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.