रेलवे का समर गिफ्ट: कोटा होकर गुजरेगी पुणे-दिल्ली और अजमेर-रांची स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों की राह होगी आसान
गर्मी की छुट्टियों में कोटा को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात. सोगरिया से चलेगी अजमेर-रांची स्पेशल ट्रेन.

Published : April 9, 2026 at 11:56 AM IST
|Updated : April 9, 2026 at 12:03 PM IST
कोटा : रेलवे लगातार गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को सुविधा देने के लिए समर स्पेशल ट्रेन चला रहा है. इसी के चलते दो समर स्पेशल ट्रेन और कोटा होकर चलने वाली है. कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि पहली ट्रेन पुणे से दिल्ली के बीच चलने वाली है. वहीं दूसरी ट्रेन अजमेर से रांची के बीच में चलने वाली है. इन दोनों ट्रेनों से कोटा के यात्रियों को फायदा होगा. रांची व अजमेर वाली ट्रेन कोटा के उपनगरीय स्टेशन सोगरिया से चलेगी. दोनों ट्रेन आने व जाने के 13-13 फेरे करेगी. इन ट्रेनों से यात्री मथुरा, सवाई माधोपुर, सूरत, वडोदरा, दमोह, कटनी, सिंगरौली, कोटा, सागर व जयपुर की यात्रा कर सकेंगे.
अजमेर-रांची वीकली समर स्पेशल : ट्रेन नंबर 09619 अजमेर रांची वीकली समर स्पेशल ट्रेन 17 अप्रैल से 10 जुलाई के बीच हर शुक्रवार को अजमेर से चलेगी. इसी तरह से ट्रेन नंबर 09620 रांची अजमेर वीकली स्पेशल ट्रेन 19 अप्रैल से 12 जुलाई के बीच हर रविवार को चलेगी. ट्रेन दोनों तरफ से 13-13 फेरे करेगी. जिसके तहत ट्रेन नंबर 09619 अजमेर से रात 11:05 पर रवाना होगी. देर रात 1:25 पर जयपुर पहुंचेगी. अगले दिन शनिवार सुबह 5:25 पर कोटा के उपनगरीय स्टेशन सोगरिया और रविवार सुबह 7:30 पर रांची पहुंच जाएगी. वापसी में ट्रेन नंबर 09620 रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन रविवार सुबह 10:50 पर रांची से रवाना होगी. सोमवार सुबह 10:55 पर सोगरिया स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद दोपहर 3:55 पर जयपुर और शाम 6:45 पर अजमेर पहुंच जाएगी. यह ट्रेन लोहरदगा, टोरी, बरवाडीह, गरवा रोड, चोपन, सिंगरौली, ब्यौहारी, कटनी मुरवाह, दमोह, सागर, गुना, रुठियाई, छबड़ा, अटरू, बारां, सोगरिया, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर व किशनगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी. इस ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी के कोच लगाए गए हैं. ट्रेन में फिलहाल सभी श्रेणी के कंफर्म टिकट मिल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: खुशखबरी : कोटा से एक और समर स्पेशल ट्रेन चलेगी, सोगरिया से धनबाद के बीच लगाएगी चक्कर
पुणे हजरत निज़ामुद्दीन हजरत निज़ामुद्दीन : ट्रेन नंबर 01491 पुणे हजरत निजामुद्दीन वीकली समर स्पेशल 17 अप्रैल से 10 जुलाई के बीच चलेगी. जबकि वापसी में ट्रेन नंबर 01492 हजरत निजामुद्दीन पुणे समर स्पेशल 18 अप्रैल से 11 जुलाई के बीच चलेगी. इसमें ट्रेन नंबर 01491 पुणे-हजरत निजामुद्दीन वीकली समर स्पेशल शुक्रवार को पुणे से शाम 5:30 पर रवाना होगी. इसके बाद अगले अगले दिन सुबह 10:40 बजे कोटा पहुंचेगी. वहीं, शाम 6:40 बजे निजामुद्दीन पहुंच जाएगी. वापसी में ट्रेन नंबर 01492 निजामुद्दीन-पुणे वीकली समर शनिवार रात 9:25 पर रवाना होगी. इसके बाद अगले दिन सुबह 5:40 बजे कोटा पहुंच जाएगी, देर रात 11:55 बजे पुणे पहुंचेगी. ट्रेन में सेकंड एसी के दो, थर्ड एसी के चार, स्लीपर के आठ और जनरल के चार मिलाकर 20 कोच होंगे. यह ट्रेन आते-जाते समय लोनावला, कल्याण, भिवंडी रोड, वसई रोड, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर व मथुरा स्टेशन पर रुकेगी.

