अचानक नाबालिग प्रेमी के घर आ धमकी युवती, शादी की जिद पर अड़ी तो परिवार वालों के फूले हाथ-पांव
रुद्रप्रयाग में अनोखा प्रेम प्रसंग के चलते परिवार और प्रशासनिक अधिकारी सकते में आ गए. युवती की शादी की जिद पर अड़ने से मामला गरमाया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 12, 2026 at 5:50 PM IST
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक अनोखे प्रेम प्रसंग ने प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों को पशोपेश में डाल दिया. जहां एक 20 साल की युवती अपने 19 साल के नाबालिग प्रेमी के घर पर पहुंच गईं और उससे शादी करने की जिद पर अड़ गईं. मामला बढ़ता देख लड़के के परिवार वालों के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन को फोन घुमा दिया. जिसके बाद ही मामला सुलझ पाया.
नाबालिग प्रेमी के घर पर आ धमकी युवती: जानकारी के मुताबिक, हुआ कुछ यूं कि टिहरी गढ़वाल निवासी बालिग युवती घर छोड़कर सीधे अपने प्रेमी के घर पर आ धमकी. युवती ने साफ तौर पर कह दिया कि अब वो वापस नहीं जाएगी और अपने प्रेमी से ही विवाह करेगी, लेकिन लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम होने के कारण परिवार वालों को कानूनी कार्रवाई का डर सताने लगा. जिसके चलते परिजनों ने 1098 पर कॉल कर अधिकारियों से संपर्क साधा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जिले में बाल विवाह रोकने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच इस घटना को गंभीरता से लिया गया. जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र के निर्देश पर संयुक्त काउंसलिंग टीम गठित की गई, जिसमें वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य शामिल रहे.

युवती और लड़के की कराई गई काउंसलिंग: काउंसलिंग के दौरान युवती को समझाया गया कि उसका यह कदम नाबालिग लड़के के भविष्य और परिवार दोनों के लिए कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है. वहीं, लड़के को भी बताया गया कि 21 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले विवाह करना कानूनन मान्य नहीं है और ऐसी स्थिति में परिवार भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है.
परिजनों से बात कर युवती को भेजा गया वापस घर: इसके बाद में युवती के परिजनों से भी दूरभाष पर संपर्क किया गया. परिजनों ने आश्वासन दिया कि घर लौटने पर युवती के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा. दोनों परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद युवती को सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला: गौर हो कि पिछले साल बसुकेदार क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब एक नाबालिग युवक अपनी बालिग प्रेमिका के घर पहुंच गया था और शादी की तैयारी शुरू हो गई थी. प्रशासन की तत्काल कार्रवाई से उस समय भी विवाह रुकवाया गया था. इसके अलावा भी कई बाल विवाह के मामले सामने आ चुके हैं. जिन्हें रुकवाया जा चुका है.
बदलते सामाजिक हालात पर उठे सवाल: समाज के बुद्धिजीवियों का मानना है कि परिवारों के साथ संवाद की कमी, सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव और युवाओं में भावनात्मक फैसलों की बढ़ती प्रवृत्ति ऐसी घटनाओं को जन्म दे रही है. पहाड़ों में भी अब सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों की पारंपरिक तस्वीर तेजी से बदलती नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें-

